समाचार · मध्य प्रदेश
जनसुनवाई पति की शिकायत करने पहुंची पत्नी:बोली- मारपीट करता है, सड़क के लिए 20 ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं। इस दौरान ग्राम सलैया के लगभग 20 ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, वहीं ग्राम सरेठी की एक महिला ने पति द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। ग्राम सलैया के ग्रामीण सुधीश कुमार केवट के नेतृत्व में जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके गांव की लगभग एक हजार की आबादी आज भी पक्की सड़क से वंचित है। बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे कीचड़ भरे रास्तों से आवागमन मुश्किल हो जाता है। इससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं विशेष रूप से प्रभावित होते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सुधीश कुमार केवट ने कहा कि सड़क न होने से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और कीचड़ में चलने से पैरों में भी समस्या हो रही है। इस मामले पर जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा कि शिकायत प्राप्त हो गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और ग्रामीणों के लिए आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। जनसुनवाई में ग्राम सरेठी निवासी संजू जायसवाल ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति शराब के नशे में अक्सर उनके साथ मारपीट करते हैं और देर रात खाना बनाने का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर उनके साथ फिर से मारपीट की जाती है। पीड़िता ने प्रशासन से न्याय और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।