समाचार · मध्य प्रदेश
जबलपुर में 10 वाहन, 10 बैटरी चोरी में 6 गिरफ्तार:चोरी के 10 वाहन और 10 ई-रिक्शा बैटरी जब्त, गोहलपुर पुलिस की कार्रवाई
गोहलपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन और 10 ई-रिक्शा की बैटरियां बरामद की हैं। जब्त किए गए वाहनों की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। गोहलपुर पुलिस टीम को 19 जुलाई को आनंद नगर कॉलोनी क्षेत्र में चोरी के वाहन के साथ कुछ लोगों के होने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मोहम्मद शादाब खान (19) और फैजान खान (20) को हनुमानताल से पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी शाहरुख खान उर्फ टूटी (28) के साथ मिलकर 10 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद शाहरुख खान को भी मक्का नगर, मोहरिया से हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 10 दोपहिया वाहन जब्त किए गए। इनमें एक्सेस 125, टीवीएस अपाचे, होंडा लियो, पैशन प्रो, स्प्लेंडर प्लस, पल्सर एनएस, स्प्लेंडर और बजाज पल्सर जैसे मॉडल शामिल हैं। ये वाहन गोहलपुर, ग्वारीघाट, गोरखपुर, मदन महल, अधारताल, ओमती, रांझी थाना क्षेत्रों और कटनी जिले की सिलौड़ी चौकी से चोरी हुए थे। जब्त वाहनों की कुल कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। आरोपी फैजान खान के खिलाफ जबलपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और अवैध शराब जैसे कुल 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी शाहरुख खान उर्फ टूटी के विरुद्ध चोरी, मारपीट और अवैध हथियार से संबंधित कुल 14 अपराध पंजीबद्ध हैं। इसी कार्रवाई के तहत, गोहलपुर पुलिस ने संजीवनी अस्पताल, सूजी मोहल्ला और चौधरी मोहल्ला रही चौकी क्षेत्र से चोरी हुई 10 ई-रिक्शा बैटरियों के मामले में भी सफलता हासिल की। पुलिस ने मोहम्मद फैजल अंसारी (20), मोहम्मद इमरान (18) और मोहम्मद अशफाक (18) को गिरफ्तार कर चोरी की बैटरियां बरामद कीं। ये सभी आरोपी गोहलपुर और अधारताल क्षेत्र के निवासी हैं।