समाचार · हरियाणा
तुड़े से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉला पलटने से एक युवक की मौत:जींद से बागपत जा रहे थे; दूसरा घायल, खानपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
सोनीपत जिले के गोहाना में मंगलवार को सड़क एक्सीडेंट में उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जींद रोड स्थित टोल प्लाजा के पास उस समय हुआ, जब तुड़े (पराली) से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक पंजाब और हरियाणा से तुड़ा लेकर उत्तर प्रदेश के बागपत तक पहुंचाने का काम करते थे। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जींद रोड टोल प्लाजा के पास हुआ दर्दनाक हादसा जानकारी के अनुसार हादसा गोहाना के जींद रोड स्थित टोल प्लाजा के समीप हुआ। जींद की ओर से बागपत जा रहा तुड़े से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। ट्रॉला पलटने के कारण उसमें सवार दोनों युवक नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 22 वर्षीय सुहैल की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल हादसे में 22 वर्षीय सुहैल निवासी गांव तिलपनी, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को बाहर निकालकर तुरंत उपचार के लिए खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पंजाब और हरियाणा से बागपत तक तुड़ा पहुंचाने का करते थे काम परिजनों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक पंजाब और हरियाणा से तुड़ा (पराली) लेकर उत्तर प्रदेश के बागपत तक पहुंचाने का कार्य करते थे। मंगलवार को भी वे जींद से तुड़ा लेकर बागपत लौट रहे थे। इसी दौरान गोहाना के टोल प्लाजा के पास यह हादसा हो गया। पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रैक्टर-ट्रॉला किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर पलटा।