समाचार · मध्य प्रदेश
रील में फंस गए महाराज, बोले-इस डिब्बे से दूर रहो:दो बैलों पर 40-50 कांग्रेसियों का बोझ, उमा भारती ने किसे याद दिलाई औकात
मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से एप पर मिलेगा। राजनीतिक स्टंट के चक्कर में बेजुबानों पर जुल्म
जबलपुर में संविधान बचाने निकले कांग्रेस नेता बैलगाड़ियों पर इस कदर लद गए कि बेजुबानों का ख्याल ही नहीं रहा। राजनीतिक स्टंट के चक्कर में बैलों पर अत्याचार हो गया। दरअसल, कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकाला, जिसमें बैलगाड़ियां भी शामिल की गईं। एक-एक बैलगाड़ी पर 40 से 50 कार्यकर्ता और नेता सवार हो गए। कांग्रेस का यह मार्च करीब 4 किलोमीटर तक चला। इसका वीडियो सामने आया तो भाजपा को भी कांग्रेस पर निशाना साधने का मौका मिल गया। भाजपा नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस संविधान की क्या रक्षा करेगी, वह तो जानवरों पर भी अत्याचार कर रही है। खरी बात ये है कि अब बैल भी शायद यही सोच रहे होंगे कि संविधान बचाने निकले कांग्रेस नेताओं ने इसका जिम्मा भी उनके कंधों पर डाल दिया। ये संविधान बचाने निकले हैं या हमारी कमर तोड़ने? सिंधिया ने बताया ‘डिब्बे’ का साइड इफेक्ट
युवाओं से संवाद के एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद को 'डिब्बा' मंत्री बताया। यहां डिब्बे का मतलब मोबाइल से है। दरअसल, सिंधिया संचार मंत्री हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में युवाओं से कहा कि वे 'डिब्बा' मंत्री हैं। सिंधिया ने युवाओं को इस 'डिब्बे' का साइड इफेक्ट भी बताया। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि एक दिन रात 10 बजे मैंने अपना डिब्बा खोला और इंस्टाग्राम चलाने लगा। सिंधिया ने बताया कि वे स्क्रॉलिंग करते रहे। उन्हें पता ही नहीं चला कि रात के एक बज गए। तीन घंटे कब और कहां निकल गए, पता ही नहीं चला। फिर उन्होंने नसीहत दी कि मोबाइल में सिर्फ जरूरी और अपने काम की चीजें ही देखें। बिना वजह इसके चक्कर में न फंसें। सिंधिया ने यह भी कहा कि कम से कम दो घंटे मोबाइल से दूरी बनाए रखें। उमा भारती बोलीं- किसकी औकात है मुझे टिकट देने की
ग्वालियर आईं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से जब चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्हें 'टिकट मिलने' की बात कुछ रास नहीं आई। उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि किसकी औकात है मुझे टिकट देने की। यह तो मैं फैसला करती हूं कि मुझे चुनाव लड़ना है या नहीं। दरअसल, मीडिया ने उनसे सवाल किया था कि अगर आपको टिकट मिलता है तो क्या आप चुनाव लड़ेंगी? इस पर उमा भारती ने अपने ही अंदाज में अपनी अहमियत भी जता दी। उन्होंने टिकट देने वालों को ही उनकी औकात याद दिला दी। वैसे उमा भारती की पहचान भाजपा की फायरब्रांड नेता के तौर पर रही है। लेकिन खरी बात ये है कि तब की भाजपा और अब की भाजपा में काफी फर्क आ चुका है। अब न तो यहां फायर चलता है और न ही कोई ब्रांड। और अब अंदर की बात.. साहब के एक्सटेंशन की संभावना से अफसर की खुशी
मध्य प्रदेश के डीजीपी के एक्सटेंशन को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन इसकी संभावना को लेकर एक बड़े जिले में पदस्थ उनके करीबी सीनियर आईपीएस अधिकारी काफी खुश हैं। ये साहब के पसंदीदा अधिकारियों में शामिल हैं। इसलिए इन्हें एक छोटे जिले से लाकर बड़े जिले में पदस्थ किया गया था। यही वजह है कि इन्होंने आते ही ताबड़तोड़ बैटिंग शुरू कर दी, जो अब भी जारी है। उन्होंने कई थाना प्रभारियों पर एक्शन भी लिया, जिससे वे चर्चाओं में आए। हालांकि, सरकार इनकी कार्यप्रणाली से खुश नहीं है, क्योंकि वे नेताओं को कम तवज्जो देते हैं। दूसरी तरफ कई अफसर डीजीपी का एक्सटेंशन न होने की कामना कर रहे हैं। ऐसे ही कुछ अफसरों ने इस बड़े जिले की कप्तानी हासिल करने के लिए लॉबिंग भी शुरू कर दी है। इनपुट सहयोग - शिशिर वाजपेयी (जबलपुर), अरुण मोरे (ग्वालियर)।