समाचार · झारखंड
दीपावली-छठ पर रेलवे का तोहफा: झारखंड से यूपी-बिहार के लिए चलेंगी 3 नई स्पेशल ट्रेनें

रांची: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने की योजना बनाई है. दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल द्वारा रांची से तीन और नई स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी की जा रही है. ये प्रस्तावित ट्रेनें बिहार के जयनगर और उत्तर प्रदेश के बनारस व गोरखपुर के लिए चलाई जाएंगी. रेलवे सूत्रों के अनुसार, अगले सप्ताह तक इन ट्रेनों का परिचालन शुरू होने की पूरी संभावना है.
स्पेशल ट्रेनों की संख्या होगी 10
वर्तमान में रांची रेल मंडल से विभिन्न स्थानों के लिए सात त्योहार विशेष (स्पेशल) ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. इन तीन नई ट्रेनों के शुरू होते ही रांची से चलने वाली स्पेशल ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी. इस फैसले से रांची के अलावा बोकारो, धनबाद और आसपास के जिलों के यात्रियों को अपने घर जाने के लिए कंफर्म टिकट मिलने में काफी सहूलियत होगी.
ये भी पढ़ें: झारखंड, बिहार और ओडिशा के बीच चलेंगी बसें! 46 रूटों पर सरकार ने मांगे सुझाव
जयनगर, गोरखपुर और बनारस के संभावित रूट पर मंथन
प्रस्तावित योजना के मुताबिक, जयनगर जाने वाली स्पेशल ट्रेन मुरी, कोटशिला, चित्तरंजन, किऊल, झाझा, बरौनी और समस्तीपुर होकर चलाई जाएंगी. वहीं, गोरखपुर ट्रेन के लिए धनबाद-गया या किऊल-बरौनी-छपरा रूट के विकल्पों पर विचार चल रहा है. डीआरएम करुणानिधि सिंह ने जानकारी दी कि बनारस ट्रेन के लिए गया रूट के अलावा वाया टोरी रूट की संभावनाओं को भी देखा जा रहा है.
जल्द होगी आधिकारिक घोषणा
हालांकि, रेलवे प्रशासन की ओर से इन तीनों नई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की निश्चित तारीख, आधिकारिक रूट और समय-सारणी (Time Table) का औपचारिक ऐलान होना अभी बाकी है. नोटिफिकेशन जारी होते ही टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: दिवाली पर पटाखे फोड़ने से पहले सावधान! झारखंड में तय हुई टाइमिंग, उल्लंघन पर कार्रवाई