Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

आमला में धर्मांतरण के आरोप में पांच गिरफ्तार, दस्तावेज जब्त:घर में प्रार्थना सभा के दौरान पुलिस ने कार्रवाई की, दस्तावेज और मोबाइल भी जब्त किए

INT News16 September 2026 at 04:49 pm

बैतूल के आमला के भीमनगर-बोड़खी इलाके में पुलिस ने धर्मांतरण की गतिविधियों के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गणपत सोनवाने के घर पर बैठक और प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां चलने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर पांच लोगों को पकड़ा। तलाशी में धार्मिक साहित्य, पुस्तिकाएं, पैंफलेट, सहमति पत्र और अलग-अलग संस्थाओं को लिखे पत्र समेत कई दस्तावेज मिले। आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, सूचना की जांच के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे और एसडीओपी मुलताई एसके सिंह के मार्गदर्शन में आमला पुलिस की टीम भीमनगर-बोड़खी पहुंची। यहां गणपत सोनवाने के घर पर पांच लोग मिले। पुलिस ने घर की तलाशी ली और मौके से दस्तावेज व अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मामले में दस्तावेजों और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। ये पांच आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने गणपत सोनवाने (43), निवासी भीमनगर-बोड़खी; इनोस उर्फ एनोस जोनाथन (34), निवासी बरघाट, सिवनी; रमेश अतुलकर (40), निवासी हमलापुर, बैतूल; भावराव चंदेलकर (34), निवासी जुनापानी, साईखेड़ा और सुनील नागले (50), निवासी सोमगढ़, मुलताई को गिरफ्तार किया है। इस महीने भैंसदेही में भी हुई थी कार्रवाई धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों के आरोप में इसी महीने भैंसदेही थाना क्षेत्र में भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। उस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें एक आरोपी के फरार होने पर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया था। बाद में पुलिस ने फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया था। आमला की कार्रवाई के बाद जिले में इसी महीने धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों के आरोप में पुलिस की यह दूसरी कार्रवाई है। दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है। कोर्ट में पेश किए आरोपी, जांच जारी पुलिस ने आमला मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त दस्तावेजों, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।