Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पन्ना के रैकरा में मकान से मादा तेंदुए का रेस्क्यू:पीटीआर टीम ने ट्रेंकुलाइज किया; जांच और निगरानी के बाद जंगल में छोड़ेंगे

INT News16 November 2026 at 10:28 pm

पन्ना जिले के रैकरा गांव में रविवार को एक वयस्क मादा तेंदुआ रिहायशी मकान के भूसा रखने वाले कमरे में घुस गई। वन विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे बाहर निकालने की कोशिश की। सोमवार को पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित बाहर निकाला। पिंजरे में नहीं आई तो ट्रेंकुलाइज किया यह मामला दक्षिण पन्ना वनमंडल की मोहंद्रा रेंज के सिमरिया क्षेत्र का है। तेंदुए के मकान में घुसने की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीमें पहुंचीं। बाद में पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। टीम ने तेंदुए को खुद बाहर निकलने का मौका देने के लिए मकान का रास्ता खुला रखा। 16 नवंबर तक इंतजार करने के बाद भी वह कमरे से बाहर नहीं आई। अधिकारियों ने कमरे में पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ उसमें नहीं आया। इसके बाद वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन में टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। डीएफओ अनुपम शर्मा और एसडीओ रचना शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई की निगरानी की। स्वास्थ्य जांच के बाद जंगल में छोड़ेंगे चार वर्षीय मादा तेंदुए को स्वास्थ्य जांच और एक दिन निगरानी के लिए रखा गया है। स्वस्थ पाए जाने पर उसे उसके प्राकृतिक आवास के सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। रेस्क्यू के दौरान अंधेरे और कम दृश्यता के बीच पुलिस ने भीड़ को संभाला। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि आबादी वाले इलाके में वन्यजीव दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें और उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।