समाचार · मध्य प्रदेश
हल्द्वानी में खड़गे के मंच के 'शुद्धिकरण' का विरोध प्रदर्शन:कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- यह व्यवहार संवैधानिक मूल्यों पर प्रश्नचिह्न, दोषियों पर कार्रवाई हो
शहडोल में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने हल्द्वानी में पार्टी की रैली के बाद हुए 'शुद्धिकरण' के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि रैली के बाद हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच का 'शुद्धिकरण' किया गया था। कांग्रेस ने इसे सामाजिक भेदभाव और संविधान की मूल भावना के विरुद्ध बताया है। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से न्यू गांधी चौक तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान सामाजिक समानता, सामाजिक न्याय और संविधान की गरिमा के समर्थन में नारे लगाए गए। कांग्रेस ने इस भेदभाव की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष बोले- सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव संविधान के खिलाफ जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा- ‘जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव अस्वीकार्य है। यह घटना संवैधानिक मूल्यों पर प्रश्नचिह्न लगाती है।’ अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस ने मांग की है कि शुद्धिकरण में शामिल लोगों की पहचान कर निष्पक्ष जांच की जाए। पार्टी ने दोषियों के खिलाफ संबंधित कानूनों, विशेषकर SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। इस विरोध मार्च और सत्याग्रह में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, ब्लॉक व मंडल पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य भेदभाव के खिलाफ विरोध दर्ज कराना और सामाजिक समानता का संदेश देना था।