समाचार · हरियाणा
गोहाना में शिकायतों पर SDM की अफसरों को चेतावनी:बोले- समस्या के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी; लोगों को संतुष्ट करें
सोनीपत जिले के गोहाना उपमंडल परिसर में एक समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम अंकित कुमार ने की। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें और समस्याएं सुनीं तथा उनके समयबद्ध और पारदर्शी समाधान के निर्देश दिए। एसडीएम अंकित कुमार ने इस अवसर पर कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा किया जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को बेवजह कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में बिजली कनेक्शन, पानी की सिंचाई, फैमिली आईडी में आय सुधार, वृद्धावस्था पेंशन बनवाने और जमीन से अवैध कब्जा हटवाने जैसी विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने इनमें से कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस समाधान शिविर में एसीपी देवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार खानपुर अंजू, बिजली विभाग से एसडीओ रोहित कुमार, बीईओ गोहाना बलजीत गहलावत और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से एएफएसओ राजेश हुड्डा सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।