Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

टिमरनी कॉलेज में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम:युवाओं ने सुना PM मोदी का संवाद: खेल और नशामुक्ति पर बात; छात्रों ने दिए सुझाव

INT News27 August 2026 at 05:42 pm

हरदा के टिमरनी स्थित भाऊ साहब भुस्कुटे महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रधानमंत्री मोदी का युवाओं के साथ सीधा ऑनलाइन संवाद दिखाया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी. उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, समेत कई अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ओलंपिक के 20 से ज्यादा खेलों में भारत की भागीदारी नहीं रही। ओलंपिक में भारत की भागीदारी बढ़ानी होगी। 2036 ओलंपिक के लिए अभी से खिलाड़ी तैयार करें। मोदी ने कहा कि 15 अगस्त को देश के सामने स्पोर्ट्स विजन रखा। यह सिर्फ मेडल जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत और देश की खेल शक्ति बढ़ाने का अभियान है। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री डी.डी उइके ने कहा कि युवा देश के भविष्य के साथ वर्तमान में भी राष्ट्र निर्माण में भागीदार हैं। कार्यक्रम में उइके के साथ युवाओं और विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। उन्होंने खुद नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में भूमिका निभाने का संकल्प लिया। छात्रों ने दिए कई सुझाव एनएसएस छात्रा कश्यपी शर्मा ने प्रतिभावान खिलाड़ियों की समय पर पहचान के लिए व्यवस्थित व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को लगातार अवसर और मार्गदर्शन देने की बात कही। कृष्णिका अग्रवाल ने स्वयंसेवा को कौशल आधारित अवसरों से जोड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे युवा सामाजिक सेवा के साथ उपयोगी कौशल भी सीख सकेंगे। एनएसएस छात्र आयुष बौरासी ने प्रशासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही। उन्होंने प्रशासनिक इंटर्नशिप शुरू करने और ‘वन कॉलेज, वन विलेज’ जैसी पहल का सुझाव दिया। पीएम के संवाद की 6 बड़ी बातें… नेशनल स्पोर्ट्स डे और मेजर ध्यानचंद पर- 29 अगस्त को नेशनल स्पोर्ट्स डे मनाया जाता है। यह महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करने का दिन है। करीब 100 साल पहले भारतीय सेना की हॉकी टीम न्यूजीलैंड गई थी, जिसमें ध्यानचंद भी शामिल थे। भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को आज और मजबूत किया जा रहा है। ओलंपिक में नए खेलों पर- देश के हर जिले में खेल प्रतिभाएं हैं। ओलिंपिक के 20 से ज्यादा खेलों में भारत की भागीदारी नहीं रही है, जबकि दूसरे देश मेडल जीत रहे हैं। भारत को नए खेलों में भी आगे बढ़ना होगा। लंबी समुद्री तटरेखा के बावजूद सर्फिंग में भारत अभी पीछे है। खेलो इंडिया संवाद पर- सरकार मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेलो इंडिया संवाद में युवा खेल, गवर्नेंस और विकसित भारत पर सुझाव दे सकेंगे। उनके विचार देश को आगे बढ़ाएंगे। स्पोर्ट्समैन स्पिरिट पर- स्वस्थ समाज और मजबूत परिवार के लिए स्पोर्ट्समैन स्पिरिट जरूरी है। खेल हमें चैंपियन के साथ बेहतर प्रतियोगी बनना सिखाते हैं। पैरा एथलीट्स की सफलता समाज और परिवारों में नई उम्मीद जगाती है। शीतल और अवनी लेखरा की उपलब्धि पर- शीतल के आर्चरी मेडल और अवनी लेखरा के दो मेडल ने जम्मू-कश्मीर और देश को गौरवान्वित किया। झंडू कुमार समेत कई पैरा एथलीट प्रेरणा दे रहे हैं। फौजा सिंह ने 100 साल की उम्र के बाद भी फिटनेस की मिसाल पेश की।