समाचार · मध्य प्रदेश
स्कूल बस ड्राइवर के पास नहीं था लाईसेंस, जुर्माना:नेपानगर में दो ऑटो पर 26 हजार का चालान; फिटनेस, बीमा न होने पर 4 वाहन जब्त
नेपानगर में गुरुवार को परिवहन विभाग ने वाहन जांच अभियान चलाया। RTO राजेश गुप्ता और परिवहन निरीक्षक पवन जैन टीम के साथ शहर में निकले। अभियान के दौरान एक पिकअप, एक बोलेरो, एक स्कूल बस और एक ऑटो जब्त किया गया। सभी वाहनों को नेपानगर थाने के पास खड़ा कराया गया है। बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला टीम ने एक बस को रोककर जांच की। बस का इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया गया। काफी देर बाद भी गेट नहीं खुला। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए RTO ने बस पर 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। बिना बीमा-फिटनेस दौड़ रही थी पिकअप जांच में एक पिकअप का बीमा और फिटनेस दोनों समाप्त मिले। इसे जब्त कर लिया गया। एक बोलेरो और स्कूल बस का बीमा नहीं था। दोनों के चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। दोनों वाहनों को जब्त किया गया। ऑटो पर भी कार्रवाई टीम ने ऑटो की भी जांच की। एक ऑटो जब्त किया गया। दो अन्य ऑटो पर 13-13 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। अभियान में परिवहन विभाग के सीएस बाथम भी मौजूद रहे। RTO राजेश गुप्ता ने कहा कि नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी। आगे भी लगातार जांच अभियान चलाया जाएगा।