Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा में कॉलेजों की बदहाली पर ABVP का प्रदर्शन:पेयजल, शौचालय, लाइब्रेरी, सुरक्षा और डिजिटल सुविधाएं ठीक करने की मांग

INT News27 August 2026 at 05:45 pm

छिंदवाड़ा में शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गुरुवार को उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कॉलेजों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग करते हुए 16 बिंदु रखे। परिषद का कहना है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ते हैं, लेकिन कई कॉलेजों में जरूरी सुविधाओं की कमी है। ज्ञापन में पेयजल, शौचालय, कक्षाओं, लाइब्रेरी, खेल, सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, इंटरनेट, प्राथमिक उपचार और कैंटीन जैसी सुविधाएं सुधारने की मांग की गई है। शुद्ध पेयजल और शौचालय की मांग परिषद ने कॉलेज परिसरों में पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। खराब वाटर कूलर और आरओ मशीनों की मरम्मत या उन्हें बदलने की बात कही गई है। छात्र-छात्राओं के लिए पर्याप्त और साफ शौचालय बनाने के साथ छात्राओं के लिए अलग शौचालय, सेनेटरी नैपकिन और उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था की मांग भी की गई है। कक्षाओं और लाइब्रेरी में सुविधाएं बढ़ाने की मांग ज्ञापन में कक्षाओं में पर्याप्त डेस्क-बेंच, पंखे, रोशनी, खिड़कियां और बिजली की व्यवस्था सुधारने की मांग की गई। खराब विद्युत उपकरण बदलने और कॉलेज के गलियारों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की बात कही गई है। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबें, समाचार-पत्र और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके साथ ई-लाइब्रेरी विकसित करने की बात भी रखी गई। खेल मैदान, सफाई और बैठने की व्यवस्था परिषद ने विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान व्यवस्थित करने और जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। कॉलेज परिसर में नियमित सफाई, कचरा निस्तारण और प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए कदम उठाने की बात कही गई। पौधरोपण और उद्यान विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के बैठने और आराम के लिए बेंच और शेड की व्यवस्था करने की मांग भी की गई। बाउंड्रीवॉल और CCTV से सुरक्षा की मांग परिषद ने कॉलेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में कहा गया कि कई महाविद्यालयों की बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त है या नहीं है। इससे असामाजिक तत्वों के प्रवेश का खतरा रहता है। कॉलेज के प्रवेश और निकास द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जरूरी स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। चांद कॉलेज की सड़क और हॉस्टल के भोजन का मुद्दा परिषद ने चांद कॉलेज तक पहुंचने वाली खराब सड़क का मुद्दा भी उठाया। सड़क की स्थिति में जल्द सुधार कराने की मांग की गई है। जिले के सरकारी हॉस्टलों में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने की मांग भी की गई, ताकि उन्हें पौष्टिक भोजन मिल सके। बारिश में स्कूलों की छत से पानी टपकने का मुद्दा ज्ञापन में शासकीय स्कूलों और कॉलेजों की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। परिषद ने जिले के सभी संस्थानों का निरीक्षण कराने की मांग की है। परिषद का कहना है कि बारिश के दौरान कई स्कूलों की छतों से पानी टपकने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इनका समय पर समाधान किया जाना चाहिए। पार्किंग, इंटरनेट और दिव्यांग सुविधाओं की मांग विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित साइकिल व दोपहिया पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की गई। पर्याप्त इंटरनेट और वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल अध्ययन संसाधन मजबूत करने की बात कही गई। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप, सुगम प्रवेश मार्ग और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। फर्स्ट एड और विद्यार्थी सहायता केंद्र की मांग कॉलेजों में प्राथमिक उपचार कक्ष और फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध कराने की मांग की गई। परिषद ने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में विद्यार्थियों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिलना चाहिए। प्रवेश, छात्रवृत्ति, परीक्षा और प्रमाण-पत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहायता केंद्र बनाने की मांग की गई है। छात्राओं के लिए कॉमन रूम और सभी शासकीय कॉलेजों में उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कैंटीन शुरू करने की मांग भी रखी गई। परिषद ने प्रशासन से विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा। देखिए प्रदर्शन की तस्वीरें….