समाचार · हरियाणा
महंगाई को लेकर दुष्यंत चौटाला ने साधा निशाना:नरवाना में बोले- 2 रुपए महंगी चीनी पर संसद हिलाते थे, आज आम आदमी से दूर
हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने नरवाना की विश्वकर्मा धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन मुश्किल कर दिया है। दुष्यंत चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि आज महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है, और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें आम परिवार की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं। बढ़ती महंगाई पर जवाब कौन देगा : चौटाला उन्होंने BJP पर हमला करते हुए कहा कि जिस चीनी की कीमत में महज दो रुपए की बढ़ोतरी पर कभी उनके नेता संसद तक में हंगामा करते थे, आज वही चीनी आम आदमी से दूर होती जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब विपक्ष में रहते हुए छोटी-छोटी कीमतों पर सरकार को घेरा जाता था, तो आज बढ़ती महंगाई पर जवाब कौन देगा? दुष्यंत चौटाला ने आगे कहा कि आम आदमी के सामने घर का राशन चलाने, बच्चों की पढ़ाई कराने और अन्य जरूरी खर्च पूरे करने की चुनौती खड़ी है। उन्होंने जोर दिया कि महंगाई सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी खर्च बढ़ रहा है, जो मध्यम और गरीब परिवारों के लिए बड़ी चिंता का विषय है। सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग उन्होंने सरकार से आम जनता की परेशानी को समझने और महंगाई पर ठोस कदम उठाने की मांग की। अपनी पार्टी की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए चौटाला ने कहा कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि प्रदेश के बच्चों को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। नरवाना में दिए गए दुष्यंत चौटाला के बयान का मुख्य मुद्दा यह रहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन आम आदमी की आय और राहत उसी रफ्तार से क्यों नहीं बढ़ रही है।