समाचार · मध्य प्रदेश
पंकज की हत्या करने वालों की गिरफ्तारी की मांग:एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन; पिस्टल-बोलेरो भी जब्त करने की बात पर जोर
शिवपुरी जिले के नरवर में पंकज राय हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर हत्या के आरोपियों बांबी राय और अंकित ठाकुर को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और बोलेरो वाहन जब्त करने के साथ ही परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है। मृतक पंकज राय रचना राय शराब कंपनी नरवर में कार्यरत थे। उनके साथ बांबी राय और अंकित ठाकुर भी काम करते थे। मृतक के भाई हर्षित राय ने बताया कि 18 अगस्त को धर्मेंद्र राय उर्फ राहुल राय ने फोन पर सूचना दी थी कि बांबी राय और अंकित ठाकुर ने शराब के ठेके के बाहर बोलेरो कार में पंकज को गोली मार दी। इस घटना की सूचना नरवर थाना पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद 19 अगस्त को मामला दर्ज किया गया। हर्षित राय का आरोप है कि घटना के बाद से वे लगातार थाना प्रभारी से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और बोलेरो वाहन को भी जब्त नहीं किया गया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बांबी राय और अंकित ठाकुर के रिश्तेदार तथा अन्य लोग उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उन पर मामले से नाम हटवाने और राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसा न करने पर पंकज जैसा ही अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। हर्षित राय के अनुसार, बांबी राय झांसी में अपने रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ है, जबकि अंकित ठाकुर पिछोर में है। हर्षित ने बताया कि इन धमकियों की जानकारी भी नरवर थाना प्रभारी को दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते गुरुवार को परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, हथियार व वाहन जब्त करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।