समाचार · पंजाब
संगरूर में हादसे में पिता-पुत्र की मौत, दूसरा बेटा गंभीर:खेल के अभ्यास के लिए स्कूल छोड़ने जा रहे थे, ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक को मारी टक्कर
एक पिता के लिए सुबह की शुरुआत अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य को संवारने से होती है, लेकिन किसे पता था कि आज की सुबह एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को हमेशा-हमेशा के लिए छीन लेगी। संगरूर के शेरपुर के पास स्थित कातरों गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे एक पिता और उनके 14 वर्षीय मासूम बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर ट्राली चालकों को पहचान कर ली है। इसके साथ ही दो लोगों को गरफ्तार किया है। स्पोर्ट्स प्रैक्टिस के लिए जा रहे थे स्कूल, रास्ते में मिला काल प्राप्त जानकारी के अनुसार, नजदीकी गांव कुठाला के रहने वाले परमिंदर सिंह (42) सुबह के समय अपने दो बच्चों को मोटरसाइकिल पर लेकर एक निजी स्कूल जा रहे थे। बच्चों को स्कूल में स्पोर्ट्स प्रैक्टिस (खेलों के अभ्यास) के लिए छोड़ना था। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल कातरों गांव के पास पहुंची, तो एक अज्ञात और बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मौके पर ही टूट गईं पिता-पुत्र की सांसें टक्कर इतनी भयानक थी कि परमिंदर सिंह और उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार नौवीं कक्षा के छात्र एकमवीर सिंह (14) सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए दूसरे बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटियाला रेफर किया गया है। सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। धुरी पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी हर्षदीप सिंह सदर ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालकों की पहचान कर ली है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक राम सिंह (निवासी करमगढ़) और नवदीप सिंह (निवासी कुभडवाल) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही हादसे में शामिल ट्रैक्टर और ट्रॉली को भी अपने कब्जे में ले लेगी। डीएसपी (DSP) धुरी गुरप्रीत सिंह ने भी इस दुखद घटना और पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की है।