Monday, 29 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल पुलिस ने 3 मामलों में 4 आरोपी पकड़े:अफीम, चोरी किया गया सामान और मोबाइल बरामद; 2 पानीपत, एक पंजाब का रहने वाला

INT News29 June 2026 at 09:38 pm

करनाल जिले में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में नशा तस्करी, चोरी और सट्टा खाईवाली जैसे मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम, चोरी किया गया सामान और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है। एंटी नारकोटिक्स सेल करनाल की टीम ने इंचार्ज एसआई हिम्मत सिंह के नेतृत्व में थाना मुनक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव पाढा निवासी परमजीत पुत्र राजेंद्र और गांव अहर, थाना मतलौडा जिला पानीपत निवासी अंकित पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 81 ग्राम अफीम और वारदात में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्दी अमीर बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए अफीम की तस्करी करते थे। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान दोनों को काबू किया। मामले में दोनों से गहन पूछताछ जारी है और अन्य संभावित खुलासों की जांच की जा रही है। चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, इन्वर्टर-बैटरी बरामद सीआईए असंध की टीम ने थाना असंध में दर्ज चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस पुत्र जोगिन्द्र सिंह, निवासी गली नंबर 10 शिमलापुरी कॉलोनी लुधियाना (पंजाब), हाल निवासी गांव खेड़ी सरफली के रूप में हुई है। इस मामले में गांव खेड़ी सरफली निवासी प्रदीप कौर पत्नी बूटा सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने मुख्य सिपाही राजिंदर के नेतृत्व में विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरोपी को गांव खेड़ी सरफली बस अड्डे से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 28 जून 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी के पास से चोरी किया गया माइक्रोटेक कंपनी का इन्वर्टर और स्मार्टन कंपनी की बैटरी बरामद की गई। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। सट्टा खाईवाली करते आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त सीआईए-3 की टीम ने पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में छापेमारी कर सट्टा खाईवाली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान भीम नगर निवासी राजेश पुत्र ज्ञान चंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। जांच अधिकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मोबाइल के जरिए ऑनलाइन नंबर लगाकर सट्टा खाईवाली कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना शहर करनाल में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की अपील: नशे और अपराध की सूचना तुरंत दें जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।