समाचार · मध्य प्रदेश
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए कांग्रेस की बैठक:सागर में बूथ स्तर तक अभियान चलाने का ऐलान, दिल्ली में हजारों कार्यकर्ता होंगे शामिल
कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली और जनसभा आयोजित करेगी। इसका नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी करेंगे। इसमें इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेता भी शामिल होंगे। रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को सागर में जिला शहर और जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से नियुक्त मुख्य ऑब्जर्वर और विधायक अमित सुभाषराव झनक तथा सह-प्रभारी, पूर्व मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया शामिल हुए। मीडिया से चर्चा में अमित सुभाषराव झनक ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान सिर्फ कांग्रेस का अभियान नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का आंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी कर रही है। झनक ने कहा कि फर्जी वोटर जोड़ना, सही मतदाताओं के नाम काटना और एसआईआर के नाम पर गड़बड़ी करना लोकतंत्र की हत्या है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने साहस के साथ वोट चोरी के मुद्दे को उठाया है। अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह बात हर बूथ तक पहुंचानी होगी। हर कार्यकर्ता वोटर लिस्ट की रखवाली करने की अपील सह-प्रभारी लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया कि भाजपा वोट की ताकत से नहीं, बल्कि वोट चोरी से सत्ता में आना चाहती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है। हर कार्यकर्ता को बूथ लेवल एजेंट (BLA) बनकर मतदाता सूची की निगरानी करनी होगी। वार्ड और गांवों तक पहुंचाएंगे अभियान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि सागर शहर में अभियान को वार्ड और बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा। 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में जिले के हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मुहासा ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के नाम साजिश के तहत सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे। बैठक में ये नेता रहे मौजूद बैठक में जिला ग्रामीण प्रभारी राहुल शर्मा, लक्ष्मण सिंह, विधानसभा प्रभारी जितेंद्र जैन, रामकुमार पचौरी, पूर्व सांसद आनंद अहिरवार, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, रेखा चौधरी, पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी, अमित रामजी दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।