Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

अखिलेश जी, आपको कुर्मी समाज से इतनी चिढ़ क्यों?, ओपी राजभर के बयान से यूपी में गरमाई सियासत, PDA को लेकर भी कह दी ये बात

INT News19 August 2026 at 03:33 pm

UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज होती दिख रही है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने कुर्मी समाज को लेकर अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा, “अखिलेश यादव जी, आपको कुर्मी समाज से क्यों इतनी चिढ़ है भाई?” उन्होंने सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गैर-यादव पिछड़े समाज के लोगों को परेशान करने के आरोप भी लगाए.

‘PDA यानी पीट देगा अशफाक गैंग का जोश हाई हो गया है’

ओपी राजभर ने अपने बयान में कहा कि जबसे सपा ने आजम खान को गृहमंत्री बनाने का ऐलान किया है, तब से “आपके PDA यानी ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग का जोश हाई हो गया है.“ उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और आजम खान के समर्थक बेअंदाज हो गए हैं और प्रदेशभर में गैर-यादव पिछड़ों को निशाना बना रहे हैं. राजभर ने खास तौर पर कुर्मी समाज को लेकर कहा कि उनकी “रडार पर कुर्मी समाज के लोग हैं.“

जानकीपुरम के मामले का किया जिक्र

राजभर ने लखनऊ के जानकीपुरम से जुड़े एक मामले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि लोहिया वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी से जुड़े मामले में पूर्व प्रधान नब्बू, गुफरान और गुड्डू को लेकर स्कॉर्पियो से भरत वर्मा पर “गुंडई चमकाने” पहुंचने का आरोप है. राजभर के मुताबिक, आरोपितों ने जमीन पर कब्जे की कोशिश की, बाउंड्री पिलर तोड़े, गाली-गलौज की और हवाई फायरिंग तक की. उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा.

‘आपके एक इशारे पर वे इतने पागल हो गए’

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, “आपके एक इशारे पर वे इतने पागल हो गए कि वर्मा जी की जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए. बाउंड्री पिलर तोड़ दिए, गाली-गलौज की और यहां तक कि हवाई फायरिंग तक कर डाली.“उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों को यह समझना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में मौजूदा समय में किसकी सरकार है.

‘अब खोजाई शुरू हो गई है’

राजभर ने अपने बयान में आगे कहा, “अब खोजाई शुरू हो गई है. जल्द ही उल्टे करके सीधे कर दिए जाएंगे.“ उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई होने पर अखिलेश यादव इन लोगों के समर्थन में सामने नहीं आएंगे. उन्होंने कहा, “लेकिन तब आप कुछ नहीं बोलेंगे. क्योंकि आपको तो लोगों का इस्तेमाल करना बखूबी आता है. अपने चाटुकारों को भड़काना, उनसे उल्टे-सीधे काम करवाना और फिर वे फंस जाएं तो उन्हें छोड़ देना- यही तो आपने आजम के साथ भी किया, यही उनकी राजनितिक का हिस्सा है.

‘सैफई सिंडिकेट ने न जाने कितने परिवार उजाड़े’

ओपी राजभर ने अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव की राजनीति पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, “सैफई सिंडिकेट ने न जाने कितने परिवार उजाड़े हैं. लेकिन ये बेचारे आपके लोडर भला क्या समझें आपकी सियासत. आंखों पर पर्दा डाले हैं बेचारे.” राजभर के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर सपा और उसके विरोधियों के बीच बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं. हालांकि, अखिलेश यादव या समाजवादी पार्टी की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

यह भी पढ़ें: अलीगंज में 8 करोड़ से बदलेंगी तस्वीर? 50 से ज्यादा बनेगी नई सड़कें, जानिए आपने वार्ड का विकास कार्य