समाचार · मध्य प्रदेश
सीधी में तेज बारिश, कुढ़ेरी नाला उफान पर:सिहावल की 10 पंचायतों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूटा; सिहावल में पुल जलमग्न
सीधी जिले की सिहावल क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से कुढ़ेरी नाला उफान पर आ गया है। इसके चलते बुधवार सुबह से ही रपटों और पुलों के ऊपर तेज बहाव में पानी बह रहा है, जिससे 10 ग्राम पंचायतों का सिहावल मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट गया है। दुधमनिया और गेरुआ सहित कई मार्ग बंद नाले का जलस्तर बढ़ने से हिनौती से बघोर तक लगभग 12 किलोमीटर के दायरे में स्थिति गंभीर बनी हुई है। सुपेला, गुड़गांव उकसा, घोपारी, बल्हया, चितवरिया, बांकी, दुधमनिया, गेरुआ, केसौली और मेढ़ौली पंचायतों का संपर्क टूट गया है। कम ऊंचाई के पुलों के ऊपर पानी होने से ऐतिहासिक केराई देवी मंदिर तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात, आवाजाही रोकने की अपील हादसे की आशंका को देखते हुए तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय और चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन ने ग्रामीणों से उफान वाले पानी को पार न करने की अपील की है। एहतियात के तौर पर राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।