समाचार · मध्य प्रदेश
किसान से टमाटर खरीदकर ₹2.62 लाख नहीं देने का आरोप:पुलिस ने व्यापारी को नागपुर से गिरफ्तार किया, अदालत में पेश कर जेल भेजा
शिवपुरी पुलिस ने टमाटर के पैसे नहीं देने के मामले में एक व्यापारी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है। व्यापारी पर किसान से 317 क्रेट टमाटर खरीदने के बाद 2 लाख 62 हजार 70 रुपए नहीं देने का आरोप है। आरोपी व्यापारी की पहचान करन कुमार (35) के रूप में हुई है। पुलिस बुधवार को उसे शिवपुरी लेकर आई और कोर्ट में पेश किया। मामला सिरसौद थाना क्षेत्र का है। ग्राम रामखेड़ी के किसान विनोद रावत ने 15 नवंबर 2025 को पुलिस में शिकायत की थी। किसान के बकाया पैसे नहीं देने का आरोप किसान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कासगंज के व्यापारी करन कुमार ने उनसे 317 क्रेट टमाटर खरीदे थे। इनकी कुल कीमत 3 लाख 62 हजार 70 रुपए थी। व्यापारी ने 1 लाख रुपए दे दिए थे। बाकी 2 लाख 62 हजार 70 रुपए नहीं दिए। किसान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। फिर आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को शिवपुरी लाई। उसे न्यायालय में पेश किया गया। मामले की जांच जारी है