समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा में भवन निर्माण विवाद में चले ईंट-पत्थर, VIDEO:दोनों पक्षों में जमकर हुई मारपीट, महिलाओं से भी मारपीट का आरोप; FIR
रीवा के अमहिया थाना क्षेत्र में भवन निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई। सिरमौर चौराहा के पास पीके स्कूल के सामने हुए विवाद में ईंट-पत्थर और डंडे चलने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, भवन निर्माण को लेकर विनोद सेन और बनवारी लाल गुप्ता-अभिषेक गुप्ता के पक्ष के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान ईंट-पत्थर और डंडों के इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। विनोद सेन के पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप विनोद सेन के पक्ष की ओर से अंजली सेन सहित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है। शिकायत में अंजली सेन की आंख और सिर के आसपास चोट लगने की बात कही गई है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी घटना को लेकर पुलिस के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में किस पक्ष की क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। एसपी कार्यालय पहुंचे एक पक्ष के लोग बुधवार को विनोद सेन के पक्ष के लोग अपनी फरियाद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद को लेकर समझौते की कोशिश की गई थी। इसके बावजूद मामला दोबारा बढ़ गया। अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम के मुताबिक, मारपीट के मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।