Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दुकान पर गंदगी में बन रही थी मिठाई, अधिकारी पहुंचे:माड़ा क्षेत्र में बघेल ढाबा और नन्दू स्वीट भंडार से जांच के लिए नमूने लिए

INT News19 August 2026 at 04:46 pm

सिंगरौली जिले के माड़ा क्षेत्र में बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने होटलों और ढाबों पर छापामार कार्रवाई की। तहसीलदार अमित मिश्रा ने खाद्य सामग्री की क्वालिटी की जांच की। टीम ने बघेल ढाबा और रजमिलान स्थित नन्दू स्वीट भंडार सहित कुल तीन दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने बघेल ढाबा से मिठाई समेत अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए। इसी तरह रजमिलान के नन्दू स्वीट भंडार से भी खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए गए। गंदगी के बीच बन रही थी मिठाई अधिकारियों के प्रारंभिक निरीक्षण में एक ढाबे और एक मिठाई दुकान में साफ-सफाई की स्थिति खराब पाई गई। यहां गंदगी के बीच मिठाइयां और भोजन तैयार कर ग्राहकों को परोसा जा रहा था। इस अचानक कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र के कई होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। कुछ संचालक अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए। खाद्य विभाग की टीम ने मौके से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की है। तहसीलदार अमित मिश्रा ने बताया कि बुधवार को कुल तीन स्थानों पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने लेने के साथ-साथ साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों को स्वच्छ वातावरण में तैयार और परोसे जाने की स्थिति पर भी ध्यान दिया गया। खाद्य अधिकारी के अनुसार, नमूनों की लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गंदगी और साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों पर जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।