Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर में दुकान में घुसा 6 फीट लंबा सांप:PCR कांस्टेबल ने बहादुरी से पकड़ कर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा

INT News19 August 2026 at 04:54 pm

अमृतसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के अंदर करीब 5 से 6 फीट लंबा सांप घुस आया। सांप को देखते ही दुकान में मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान एयरपोर्ट मोबाइल PCR टीम में तैनात कांस्टेबल कंवलदीप सिंह ने बहादुरी और सूझबूझ दिखाते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। भीड़ देखकर रुके जवान जानकारी के मुताबिक, कांस्टेबल कंवलदीप सिंह अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर थे। टीम वाहन में तेल डलवाने के लिए आई हुई थी। वहां से वापस लौटते समय उन्होंने सड़क किनारे एक दुकान के बाहर काफी लोगों की भीड़ देखी। जब उन्होंने लोगों से कारण पूछा तो पता चला कि दुकान के अंदर सांप घुस गया है। लोगों में सांप को लेकर काफी डर था। इसके बाद कांस्टेबल कंवलदीप सिंह खुद दुकान के अंदर गए और सांप की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उन्हें सांप दिखाई दिया। उन्होंने सावधानी बरतते हुए सांप को पकड़ लिया। लोगों को दी सावधानी की सलाह कंवलदीप सिंह के मुताबिक, यह सांप जहरीला नहीं था और इसे आम तौर पर इंडियन रैट स्नेक यानी धामन के नाम से जाना जाता है। हालांकि उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी भी सांप को देखकर उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है, क्योंकि काटने से चोट या संक्रमण का खतरा हो सकता है। सांप को पकड़ने के बाद कांस्टेबल ने उसे सुरक्षित तरीके से आबादी से दूर एक सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। सांप के बाहर निकलने के बाद दुकानदार और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस पूरी घटना में कांस्टेबल कंवलदीप सिंह की तत्परता और साहस की लोगों ने सराहना की। उन्होंने समय रहते स्थिति को संभाला और सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। साथ ही लोगों से अपील की कि घर या दुकान में सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय दूरी बनाए रखें और विशेषज्ञों या संबंधित विभाग की मदद लें।