समाचार · हरियाणा
हरियाणा में नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल 21 तक बढ़ी:गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग
हरियाणा में नगर पालिका कर्मचारियों और सरकार के बीच अपनी मांगों को लेकर गतिरोध लगातार बढ़ रहा है। हड़ताल के 14वें दिन भी सरकार की ओर से कोई ठोस बातचीत या समाधान न निकलने के बाद, नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। संघ ने हड़ताल को अब 21 अगस्त तक बढ़ाने की घोषणा की है। गुरुग्राम में आंदोलनरत कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मानी गई मांगों के आधिकारिक पत्र जारी नहीं होते और कच्चे कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारी नेताओं के अनुसार, 13 मई को सरकार के साथ हुई वार्ता में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी थी। हालांकि, आज तक उन फैसलों को लागू करने के लिए कोई विभागीय अधिसूचना या पत्र जारी नहीं किया गया है। सरकार को दिया था 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम यूनियन नेताओं ने सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया था। कोई समाधान न निकलने पर राज्य कार्यकारिणी की आपातकालीन ऑनलाइन बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से हड़ताल की अवधि को 21 अगस्त तक बढ़ाने पर मुहर लगाई गई। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में 13 मई के समझौते को लागू करना, निगमों और परिषदों में कार्यरत लगभग 13 हजार कर्मचारियों को नियमित करना और ठेकेदारी प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना शामिल है। सामाजिक, राजनीतिक संगठनों का मिल रहा समर्थन यह आंदोलन अब व्यापक समर्थन प्राप्त कर रहा है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ-साथ कई सामाजिक संगठन, जन संगठन और विपक्षी राजनीतिक पार्टियां भी कर्मचारियों के हक में उतर आई हैं। इस चौतरफा समर्थन से कर्मचारियों का हौसला और बढ़ गया है, जिससे आने वाले दिनों में शहरों की सफाई और आपातकालीन सेवाओं पर गहरा असर पड़ने की संभावना है। यदि सरकार ने जल्द वार्ता की पहल नहीं की, तो यह गतिरोध प्रदेश में एक बड़ा जन-आंदोलन बन सकता है।