Monday, 29 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कांग्रेस का सवाल- नगर निगम को 220 करोड़ कब मिलेंगे?:जलभराव पर नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा

INT News29 June 2026 at 09:47 pm

रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने राजधानी में हर साल होने वाले जलभराव को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से रायपुर नगर निगम को ड्रेनेज सिस्टम के लिए मिलने वाले 220 करोड़ रुपए पिछले दो साल से अटके हुए हैं। यदि समय पर यह राशि मिल जाती तो शहर के कई हिस्सों को जलभराव से राहत मिल सकती थी। आकाश तिवारी ने कहा कि नगर निगम बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए बाढ़ नियंत्रण प्रकोष्ठ बना रहा है और सभी जोनों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। यह अच्छी पहल है, लेकिन इससे केवल तत्काल राहत मिलेगी। स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करना जरूरी है। 'ट्रिपल इंजन सरकार में भी फंड का इंतजार' नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि रायपुर में महापौर भाजपा की हैं, प्रदेश में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद नगर निगम को अपने हिस्से की 220 करोड़ रुपए की राशि के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद यदि नगर निगम को अपने ही हिस्से का पैसा नहीं मिल पा रहा है, तो यह चिंता का विषय है। सरकार को जलभराव जैसी गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर पहल करनी चाहिए। 'समय पर फंड मिलता तो कई इलाकों को मिलती राहत' आकाश तिवारी ने दावा किया कि यदि केंद्र से मिलने वाली राशि समय पर जारी हो जाती तो राजधानी के कई इलाकों में ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत हो सकती थी और इस मानसून में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो जाती। उन्होंने सरकार से रायपुर नगर निगम के लिए स्वीकृत 220 करोड़ रुपए जल्द जारी कराने की मांग की, ताकि शहर में जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सके।