Sunday, 1 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

'ज्ञानू-ज्ञानू यस पापा, जॉइनिंग टू जेल यस पापा':दिल्ली में इंदौर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन; CEC के वेश में आए युवक से नारे लगवाए

INT News1 November 2026 at 06:50 pm

दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस के प्रदर्शन में इंदौर के नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कथित वोट चोरी के मुद्दे पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के वेश में पहुंचे एक युवक को पकड़कर अनोखे अंदाज में ज्ञानू ज्ञानू येस पापा, जाइनिंग टू जेल ये पापा के नारे लगवाए। वहीं, प्रदर्शन में 'Gyanu It's Done Bro' जैसे नारे भी सुनाई दिए। रामलीला मैदान में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि आज पूरा देश इस प्रदर्शन को देख रहा है। लाखों की संख्या में जुटा जनसैलाब बता रहा है कि जनता अब वोट चोरी के मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है। देश की जनता ने तय कर लिया है कि वोट चोरी से बनी सरकार को हटाकर रहेगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि रामलीला मैदान में ऐतिहासिक कार्यक्रम चल रहा है। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि हम यहां से यह संकल्प लेकर जाएंगे कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा, तब तक चुप नहीं बैठेंगे। कोई कारों से पहुंचा, कोई फ्लाइट से सीधे प्रदर्शन स्थल पर इंदौर से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शनिवार से ही शुरू हो गया था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े शनिवार को कारों के काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे रविवार सुबह फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे और सीधे प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए। प्रदर्शन में पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, देवेंद्र यादव, अमित पटेल और रवि दांगी सहित इंदौर के कई कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इंदौर से करीब 3 हजार लोग प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। रामलीला मैदान में जुटे कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इंदौर कांग्रेस के नेताओं ने भी मंच और प्रदर्शन स्थल से अपनी आवाज बुलंद की। कांग्रेस इस प्रदर्शन को कथित वोट चोरी के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन के तौर पर पेश कर रही है।