समाचार · मध्य प्रदेश
दिल्ली नहीं जा सके कांग्रेसियों ने बालाघाट में आंदोलन किया:आंबेडकर चौक पर वोट चोरी का आरोप लगाया, सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुए आंदोलन में शामिल नहीं हो सके बालाघाट के कांग्रेसियों ने रविवार को आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया। दोपहर डेढ़ बजे शुरू हुआ प्रदर्शन शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आरोप लगाए। एसआईआर के नाम पर वोट काटने का आरोप कांग्रेस वक्ता धर्मेंद्र कुरील और राकेश सिंगारे ने कहा कि भाजपा सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त के जरिए लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर करोड़ों मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए। कांग्रेस और विपक्षी दलों को वोट देने वाले लोगों को निशाना बनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के खिलाफ हो रहे काम के विरोध में कांग्रेस और पूरा विपक्ष सरकार तथा सीईसी के खिलाफ खड़ा है। कांग्रेस बोली- वोट के अधिकार की लड़ाई जारी रखेंगे कांग्रेस नेता रहीम खान ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में हुआ आंदोलन केवल कांग्रेस और विपक्षी दलों का नहीं, बल्कि देश की जनता का है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए लोगों से वोट देने का अधिकार छीना गया है। खान ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार वोट चोरी से बनी है और एसआईआर के जरिए करोड़ों मतदाताओं के वोट चोरी करने के आरोपों का सामना कर रहे सीईसी को बचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम लोगों के वोट के अधिकार की लड़ाई जारी रखेगी।