समाचार · हरियाणा
अंबाला के गांधी ग्राउंड के सामने कब्रिस्तान में लगी आग:सूखे सरकंडों में तेजी से फैली लपटें; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका
अंबाला कैंट के गांधी ग्राउंड के सामने यमुनानगर रोड स्थित कब्रिस्तान में आज शाम सूखे सरकंडों और झाड़ियों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में काफी क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। आसमान में धुएं का गुबार उठने लगा। मुख्य सड़क और हाईवे के पास धुआं फैलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सूचना मिलने पर बीसी बाजार चौकी इंचार्ज सुखबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल 112 की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूखे सरकंडों के कारण तेजी से फैली आग कब्रिस्तान के अंदर सूखे सरकंडे और झाड़ियां होने के कारण आग तेजी से फैलती नजर आई। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसपास धुआं फैल गया था। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका आग लगने के कारण का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंचे बीसी बाजार चौकी इंचार्ज सुखबीर सिंह ने शॉर्ट सर्किट या बिजली के खंभे से आग लगने की आशंका जताई। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।