समाचार · मध्य प्रदेश
भिंड में 1 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त:भिंड में तेल और वनस्पति मिलाकर बना रहे थे, 30 किलो तेल-वनस्पति मिश्रण मिला
भिंड के ग्राम मसूरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार को एक डेयरी पर छापा मारकर 1 क्विंटल मिलावटी मावा जब्त किया। डेयरी में रिफाइंड पामोलिन तेल और वनस्पति घी मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से 30 किलो तेल और वनस्पति का मिश्रण भी जब्त किया। कार्रवाई के दौरान डेयरी संचालक का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम दूध और दुग्ध उत्पादों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ग्राम मसूरी में संदीप सिंह भदौरिया की डेयरी पर जांच की गई। यहां तेल और वनस्पति के मिश्रण से मावा तैयार होता मिला। रैपिड किट से जांच में मिलावटी मिला मावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने डेयरी से दूध, तेल-वनस्पति के मिश्रण और तैयार मावा के नमूने लिए। रैपिड किट से जांच में मावा मिलावटी पाया गया। इसके बाद टीम ने 1 क्विंटल मावा जब्त कर कोल्ड स्टोर में सुरक्षित रखवा दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी ने मौके पर ही डेयरी का लाइसेंस निलंबित कर दिया। शहर की दो डेयरियों से भी लिए नमूने टीम ने भिंड शहर में भी जांच अभियान चलाया। गौरी रोड स्थित विनोद डेयरी से पनीर, दूध और घी के नमूने लिए गए। वहीं, किरार कॉलोनी स्थित अनुराधा डेयरी से पनीर, घी और सप्रेटा दही के नमूने लिए गए। इन नमूनों की जांच रैपिड किट और चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला से की गई। विभाग के अनुसार, सभी नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी, किरन सेंगर, रीना बंसल और लैब केमिस्ट आरती शिवहरे शामिल रहीं। प्रशासन ने मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। साथ ही लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग या संबंधित एसडीएम को देने की अपील की है।