समाचार · मध्य प्रदेश
दो घंटे में 12 लोग कुत्तों के हमले में घायल:बुजुर्ग किसान का अंगूठा कटा, बच्चे-महिलाएं घायल; डॉक्टर बोले, दो-तीन मरीजों की हालत गंभीर
पन्ना शहर और आसपास के गांवों में रविवार को कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आईं। 1 नवंबर को दो घंटे के भीतर 10 से 12 घायल जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। डॉक्टर के मुताबिक, दो-तीन मरीजों की हालत गंभीर है। बरेडा निवासी 76 वर्षीय किसान ठाकुरदीन मिश्रा घर के बाहर धूप ले रहे थे, तभी एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके दाएं हाथ का अंगूठा काटकर अलग कर दिया। बृजपुर निवासी 11 वर्षीय रेशमा कोरी पानी पीने घर जा रही थीं, तभी कुत्ते ने उन्हें काट लिया। परिजनों ने उन्हें बचाया। कलदा गांव में शौच के लिए जा रही 11 वर्षीय रागनी वर्मा पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। उन्हें बचाने पहुंचीं उनकी बहन प्रियांशु वर्मा को भी कुत्ते ने काट लिया। इन घायलों का इलाज चल रहा था, तभी बड़गड़ी निवासी 14 वर्षीय आर्यन चौकीदार, उनकी दादी सुचित्रा चौकीदार और दादा सुजीत चौकीदार पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। देखिए घायलों की चार तस्वीरें.. दो-तीन मरीजों की हालत गंभीर जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. राहुल यादव ने बताया कि दोपहर में उनकी ड्यूटी के दौरान कुत्तों के काटने से घायल 10 से 12 मरीज पहुंचे। इनमें दो-तीन की हालत गंभीर थी। एक बुजुर्ग किसान का अंगूठा कुत्ते ने काट लिया था, जबकि एक महिला का हाथ बुरी तरह जख्मी हुआ था। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर मरीजों के छोटे ऑपरेशन भी किए गए। डॉ. यादव ने बताया कि रेबीज के लक्षण दिखने में समय लग सकता है। आवारा कुत्तों की स्थिति की जानकारी नहीं होने से मरीजों की हालत आगे चलकर गंभीर हो सकती है। उन्होंने परिजनों को सावधानी बरतने की सलाह दी। इस मामले में नगर पालिका सीएमओ उमाशंकर मिश्रा से पक्ष जानने के लिए बार-बार कॉल किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।