समाचार · मध्य प्रदेश
पथरिया ज्वेलरी चोरी में विदिशा की पारदी गैंग गिरफ्तार:दीवार में छेद कर की लाखों की चोरी; CCTV फुटेज की मदद से पकड़ाए
दमोह जिले के पथरिया स्थित ज्वेलरी शॉप में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। विदिशा की कुख्यात पारदी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना की रेकी करने वाले चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। शुक्रवार शाम पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने मामले का खुलासा किया। दीवार में छेद कर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर यह घटना 17 जुलाई की रात शासकीय कन्या स्कूल के पास स्थित प्रकाश चंद्र जैन (सर्राफ) की ज्वेलरी शॉप में हुई थी। चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में 7 से 8 इंच का छेद कर प्रवेश किया था और करीब 8 किलोग्राम चांदी व दो जोड़ी सोने की झुमकी चुरा ली थी। चोरी की यह शातिराना वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। सीसीटीवी और साइबर सेल से मिले सुराग, विदिशा से दबोचे गए आरोपी दुकान, सड़क और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा साइबर सेल की मदद से पुलिस को विदिशा की पारदी गैंग का सुराग मिला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने विदिशा पहुंचकर चार आरोपियों जसवंत पारदी, रोहित पारदी, अजय पारदी और विष्णु पारदी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। बरामद हुआ माल, फरार आरोपियों की तलाश जारी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चुराया गया कुछ माल बरामद कर लिया है, जबकि शेष माल फरार आरोपियों के पास होना बताया जा रहा है। पकड़े गए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।