Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

ट्रेन से सफर करने वाले ध्यान दें.. 15 नवंबर को रद्द रहेंगी ये मेमू, एक ट्रेन आद्रा तक ही जायेगी

INT News14 November 2026 at 09:54 am

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्यों और रेलवे ट्रैक के रख-रखाव को लेकर 15 नवंबर तक रोलिंग ब्लॉक लिया गया है. इसके कारण टाटानगर, आसनसोल और आद्रा रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द करने, कुछ का मार्ग सीमित करने और एक एक्सप्रेस ट्रेन को नियंत्रित कर चलाने का निर्णय लिया है. ऐसे में इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है.

आसनसोल-आद्रा मेमू 15 नवंबर तक रद्द

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आसनसोल-आद्रा-आसनसोल मेमू ट्रेन संख्या 68046-68045 को 15 नवंबर तक पूरी तरह रद्द रखा गया है. वहीं, आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल मेमू भी 15 नवंबर को रद्द रहेगी. इससे इस रूट पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी.

टाटानगर-आसनसोल मेमू आद्रा तक ही चलेगी

रोलिंग ब्लॉक का असर टाटानगर से चलने वाली मेमू ट्रेन पर भी पड़ेगा. टाटानगर-आसनसोल-बराभूम मेमू (68056-68060) 15 नवंबर को आद्रा स्टेशन तक ही जायेगी. इसके बाद ट्रेन वहीं से वापस लौट आयेगी. यानी इस दिन आद्रा से आसनसोल के बीच दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का परिचालन नहीं होगा.

बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस भी होगी नियंत्रित

दूसरी ओर, ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के कारण बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184) को 15 नवंबर को यात्रा के दौरान आवश्यकतानुसार 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित कर चलाया जायेगा. इससे ट्रेन अपने निर्धारित समय से विलंबित हो सकती है.

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील

रेलवे के अनुसार, इंजीनियरिंग, टीआरडी तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की ओर से संयुक्त रूप से विकास और रख-रखाव का कार्य किया जा रहा है. इसका उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अंतिम समय में होने वाली असुविधा से बचा जा सके.