समाचार · पंजाब
लुधियाना में 8 सेकंड में चोरी:मोती नगर की फैक्ट्री के बाहर ट्रक से माल उतरते समय टी-शर्ट के कपड़े का रोल ले उड़े बाइक सवार, CCTV में कैद हुई वारदात
लुधियाना के मोती नगर इलाके में दिनदहाड़े चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जीत एक्सपोर्ट्स नामक फैक्ट्री के बाहर से दो बाइक सवार चोर महज 8 सेकंड के अंदर टी-शर्ट के कपड़े का एक पूरा रोल (थान) चोरी कर फरार हो गए। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद हो गई है, जिसमें चोरों की बाइक का नंबर भी साफ नजर आ रहा है। 8 सेकंड में दिया वारदात को अंजाम जानकारी के अनुसार घटना 13 नवंबर (शुक्रवार) की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। जीत एक्सपोर्ट्स फैक्ट्री के बाहर लेबर द्वारा एक ट्रक से कपड़े के थान उतारे जा रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो चोरों ने माल को अकेला पाकर मौका ताड़ लिया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दोनों चोरों ने सिर पर टोपी पहनी हुई है और वे बजाज CT100 बाइक (जिसका नंबर PB10GJ8768 है) पर आते हैं।
बाइक के पीछे बैठा युवक तुरंत नीचे उतरता है, भारी-भरकम कपड़े का थान उठाता है उसे बाइक पर रखता है और वापस पीछे बैठकर अपने साथी के साथ रफूचक्कर हो जाता है। इस पूरी घटना को अंजाम देने में उन्हें मात्र 8 सेकंड का समय लगा। माल की गिनती में एक थान कम मिलने पर हुआ खुलासा फैक्ट्री के मालिक ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लेबर ट्रक से माल उतारने में व्यस्त थी। जब ट्रक से पूरा माल उतार लिया गया और उसकी गिनती की गई, तो उसमें कपड़े का एक रोल (थान) कम निकला।
माल कम होने पर जब फैक्ट्री प्रबंधन ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, तब जाकर इस पूरी चोरी का पता चला। सीसीटीवी में चोरों की हरकत और उनकी मोटरसाइकिल का नंबर (PB10GJ8768) बिल्कुल साफ दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है ताकि चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।