समाचार · झारखंड
HEC को दिवालिया प्रक्रिया में डालने के आदेश पर भड़के कामगार, 15 दिनों का वेतन भी ठुकराया

HEC Insolvency Case: हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचइसी) को दिवालिया घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने के राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के आदेश के खिलाफ शुक्रवार को कामगारों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने दोपहर एक बजे एचइसी मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और एनसीएलटी के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस बीच, एचइसी के सीएमडी के सदाशिव मूर्ति ने श्रमिक नेताओं को भरोसा दिलाया कि प्रबंधन इस आदेश के खिलाफ एनसीएलटी के अपीलीय ट्रिब्यूनल से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ेगा. सभी श्रमिक संघों के संयुक्त आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व इंटक नेता लीलाधर सिंह ने किया, जबकि सभा की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की.
ये भी पढ़ें: JEE Main-2026 गड़बड़ी मामले में तीन आरोपियों को हाईकोर्ट से मिली जमानत
छह करोड़ रुपये के बकाये पर दिवालिया प्रक्रिया शुरू करना अनुचित
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लीलाधर सिंह ने कहा कि मात्र छह करोड़ रुपये के ब्याज सहित बकाये के आधार पर देश की प्रतिष्ठित मदर इंडस्ट्री एचइसी को दिवालिया प्रक्रिया में डालना अनुचित है. उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीएलटी ने कंपनी से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार किये बिना जल्दबाजी में आदेश दिया है. इधर, दिल्ली में मौजूद सीएमडी के सदाशिव मूर्ति ने फोन पर श्रमिक नेताओं से बात कर मौजूदा स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट किया कि एनसीएलटी की कोलकाता पीठ के आदेश के खिलाफ प्रबंधन हर स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ेगा और इस मामले में चुप नहीं बैठेगा.
15 दिनों का अग्रिम वेतन देने का प्रस्ताव भी ठुकराया
प्रदर्शन के दौरान एचइसी के प्रशासक एस गोपाल कृष्णन मुख्यालय पहुंचे. उनके पहुंचते ही आक्रोशित कामगारों ने उन्हें घेर लिया और बकाया वेतन के भुगतान तथा कंपनी के भविष्य को लेकर नारेबाजी की. कर्मचारियों के दबाव के बीच प्रशासक ने तत्काल राहत के तौर पर 15 दिनों का अग्रिम वेतन देने का प्रस्ताव रखा. हालांकि, हटिया मजदूर यूनियन के महामंत्री हरेंद्र सिंह समेत अन्य श्रमिक नेताओं ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया. उनका कहना था कि कर्मचारियों को टुकड़ों में राहत नहीं, बल्कि पूरा बकाया वेतन और कंपनी के भविष्य को लेकर स्थायी समाधान चाहिए.
ये भी पढ़ें: होटवार जेल में बंदी से यौनाचार का मामला गरमाया, जेल आइजी ने गठित की चार सदस्यीय जांच कमेटी
प्रबंधन की लापरवाही से गहराया संकट : लालदेव सिंह
हटिया कामगार यूनियन के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने कंपनी प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि कंपनी के पास राशि उपलब्ध होने के बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जाना उन्हें आर्थिक संकट में धकेलने जैसा है. उन्होंने बताया कि एनसीएलटी के आदेश की जानकारी प्रबंधन को छह नवंबर को ही मिल गयी थी, इसके बावजूद वेतन भुगतान नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है. यदि प्रबंधन ने समय रहते एनसीएलटी से जुड़े मामले को गंभीरता से लिया होता, तो आज ऐसी स्थिति नहीं बनती.
संपत्तियों से हो सकता है कर्मचारियों के बकाये का भुगतान
लालदेव सिंह ने कहा कि एचइसी कोई निजी संस्थान नहीं, बल्कि भारत सरकार का उपक्रम है. कंपनी पर जितनी देनदारियां हैं, उससे कहीं अधिक मूल्य की संपत्तियां उसके पास मौजूद हैं. इन संपत्तियों का उचित उपयोग कर कर्मचारियों और अन्य देनदारों का बकाया चुकाया जा सकता है. उन्होंने प्रशासक के उस बयान पर भी आपत्ति जतायी, जिसमें कहा गया था कि एचइसी का अधिग्रहण करने वाली नयी कंपनी बकाये का भुगतान करेगी. लालदेव सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था कामगारों को मंजूर नहीं है. पहले कर्मचारियों का बकाया भुगतान होना चाहिए, उसके बाद ही अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए.
ये भी पढ़ें: 14 साल की बच्ची का आरोप- पढ़ाई का सपना दिखाकर रांची लाए, फिर रेप कर गर्भवती किया; विधायक बोले- ये षडयंत्र है
शनिवार को फिर जुटेंगे कामगार, आंदोलन तेज करने की तैयारी
हटिया मजदूर यूनियन के महामंत्री हरेंद्र सिंह ने कहा कि कामगार अपने अधिकारों और एचइसी के अस्तित्व को बचाने के लिए निर्णायक संघर्ष करेंगे. उन्होंने सभी कर्मचारियों से शनिवार को दोपहर एक बजे फिर एचइसी मुख्यालय के सामने जुटने की अपील की. प्रदर्शन में हटिया लोक मंच के महामंत्री विमल कुमार, एचइसी लिमिटेड श्रमिक कर्मचारी यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार, जनता मजदूर यूनियन के एसजे मुखर्जी, हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष गिरीश कुमार चौहान और हटिया मजदूर यूनियन के अध्यक्ष भवन सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए. कामगारों के तेवर को देखते हुए आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होने की संभावना है.