Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड हाइकोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- सिर्फ पेड़ लगाना काफी नहीं, उनकी देखभाल भी करे NHAI

INT News14 November 2026 at 09:46 am

Jharkhand High Court NHAI: झारखंड हाइकोर्ट ने एनएच-33 पर बरही से हजारीबाग तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेड़ों की कटाई और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दो जनहित मामलों का निष्पादन कर दिया है. चीफ जस्टिस और जस्टिस मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि मामले में उठाये गये अधिकांश मुद्दों पर संतोषजनक कार्रवाई की गयी है. हालांकि, कोर्ट ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को सड़क किनारे लगाये गये पौधों की नियमित देखभाल और निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

ये भी पढ़ें: JEE Main-2026 गड़बड़ी मामले में तीन आरोपियों को हाईकोर्ट से मिली जमानत

केवल पौधे लगाना नहीं, उनकी देखभाल भी जरूरी

हाइकोर्ट ने स्पष्ट किया कि पौधे लगाने के बाद उनकी सुरक्षा और बेहतर विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है. प्रार्थी इंद्रजीत सामंता ने पौधों के बीच की दूरी ग्रीन हाइवे नीति-2015 के अनुरूप नहीं होने का मुद्दा उठाया था. इस पर कोर्ट ने उन्हें अपने सुझावों के साथ एनएचएआइ और वन विभाग को प्रतिवेदन देने की छूट दी. साथ ही दोनों विभागों को आपसी समन्वय से इन सुझावों पर विचार करने को कहा.

40.5 किमी सड़क किनारे लगाये गये 9,312 पौधे

एनएचएआइ की ओर से कोर्ट में दाखिल शपथ पत्र के अनुसार, बरही से हजारीबाग तक 40.5 किलोमीटर सड़क के किनारे कुल 9,312 पौधे लगाये गये हैं. इनमें से 5,912 पौधों को बांस के घेरे से, जबकि 3,400 पौधों को कंटीले तारों से सुरक्षित किया गया है. इसके अलावा सड़क किनारे मौजूद 22,083 पेड़ों की गिनती कर उनकी नंबरिंग भी की गयी है.

ये भी पढ़ें: 14 साल की बच्ची का आरोप- पढ़ाई का सपना दिखाकर रांची लाए, फिर रेप कर गर्भवती किया; विधायक बोले- ये षडयंत्र है

आबादी और नालों वाले हिस्सों में भी हुआ पौधरोपण

शपथ पत्र में बताया गया कि आबादी और नालों के कारण जहां पौधरोपण में कठिनाई थी, ऐसे करीब 15 किलोमीटर हिस्से में भी 1,163 पौधे लगाये गये हैं. गौरतलब है कि दोनों जनहित याचिकाओं में सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेड़ों की कटाई रोकने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की गयी थी.