समाचार · मध्य प्रदेश
हॉस्टल में छात्राओं के साथ खाना खाने बैठीं कलेक्टर:गुणवत्ता खराब मिलने पर जताई नाराजगी, BEO को कारण बताओ नोटिस
देवास में मंगलवार देर शाम कलेक्टर नेहा मीना ने महारानी चिमनाबाई स्कूल परिसर के उत्कृष्ट बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। उसकी गुणवत्ता जांची। भोजन संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण में पता चला कि छात्रावास में खाना बनाने के बजाय बाहर से बनवाकर लाया जा रहा था। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भोजन छात्रावास में ही तैयार किया जाए, ताकि खाद्य सुरक्षा विभाग उसकी गुणवत्ता जांच सके। निरीक्षण के समय वार्डन छात्रावास में मौजूद नहीं थीं। छात्राओं ने भी व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें कीं। कलेक्टर ने वार्डन के निलंबन संबंधी कार्रवाई के निर्देश दिए और बीईओ देवास को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कमियां मिलने तुरंत सुधार के निर्देश दिए कलेक्टर ने छात्राओं के कमरों में जाकर रोशनी, हवा, बिस्तर और साफ-सफाई की स्थिति देखी। कमियां मिलने पर अधिकारियों को तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के भोजन और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। तय मीनू के अनुसार पौष्टिक और अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन देने को कहा। सर्दी को देखते हुए छात्रावास में 5 नए गीजर और शुद्ध पेयजल के लिए 1 आरओ सिस्टम लगाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने जिले के सभी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण कराने और बालिका छात्रावासों की जांच महिला अधिकारियों से करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी।