Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

IPL 2027: KKR-LSG नहीं, मुंबई इंडियंस में ही रहेंगे सूर्यकुमार यादव; Video सामने आते ही ट्रेड की अटकलों पर लगा विराम

INT News3 November 2026 at 10:43 pm

Suryakumar Yadav: आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को लेकर चल रही ट्रेड की चर्चाओं पर अब विराम लगता नजर आ रहा है. ऐसी अटकलें थीं कि SKY मुंबई का साथ छोड़कर कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) या लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा बन सकते हैं. लेकिन मंगलवार को सामने आए एक वीडियो ने इन चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है. सूर्यकुमार मुंबई इंडियंस के ट्रेनिंग कैंप में अभ्यास करते नजर आए हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि वह आगामी सीजन में भी इसी फ्रेंचाइजी के साथ बने रह सकते हैं. हालांकि, टीम की ओर से उनके रिटेंशन या किसी संभावित ट्रेड को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

मुंबई इंडियंस के ट्रेनिंग कैंप में दिखे सूर्यकुमार

View on Instagram

सूर्यकुमार यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मुंबई इंडियंस के ट्रेनिंग कैंप का एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वह नेट्स पर अभ्यास करते नजर आ रहे हैं. मुंबई इंडियंस ने भी इस वीडियो को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया. इसके साथ कैप्शन दिया गया, 'Back in the groove!' यानी फिर से लय में लौट आए हैं.

यह वीडियो मुंबई इंडियंस के मुख्य ट्रेनिंग सेंटर रिलायंस कॉरपोरेट पार्क, घंसोली का बताया जा रहा है. वीडियो में फ्रेंचाइजी का लोगो भी दिखाई दे रहा है. सूर्यकुमार का मुंबई के कैंप में अभ्यास करना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि वह टीम के साथ अपनी तैयारी शुरू कर चुके हैं. हालांकि, सिर्फ इस वीडियो के आधार पर उनके आईपीएल 2027 में मुंबई के साथ बने रहने की पुष्टि नहीं की जा सकती.

ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट

KKR और LSG से जुड़ने की लग रही थीं अटकलें

सूर्यकुमार यादव के मुंबई इंडियंस छोड़ने की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही थी. खबरें थीं कि वह दूसरी फ्रेंचाइजी में कप्तानी की भूमिका तलाश सकते हैं. रोहित शर्मा के बाद मुंबई ने हार्दिक पंड्या को टीम की कमान सौंपी थी, जबकि सूर्यकुमार को कप्तानी का मौका नहीं मिला.

इसी बीच कोलकाता नाइटराइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का नाम उनके संभावित ट्रेड को लेकर सामने आया था. अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद KKR को नए कप्तान की तलाश है. ऐसे में सूर्यकुमार को टीम के लिए एक विकल्प के तौर पर देखा जा रहा था. हालांकि, इन चर्चाओं पर किसी भी फ्रेंचाइजी की ओर से आधिकारिक मुहर नहीं लगी थी.

आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार का प्रदर्शन रहा निराशाजनक

सूर्यकुमार यादव 2018 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं. उन्होंने 2019 और 2020 में टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया था. आईपीएल में अब तक उन्होंने 127 मैचों में 4020 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 36.54 और स्ट्राइक रेट 151.24 रहा है.

हालांकि, आईपीएल 2026 में उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला. उन्होंने 15 पारियों में 20.25 की औसत से सिर्फ 162 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले. मुंबई इंडियंस के लिए भी पिछला सीजन निराशाजनक रहा और टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही.

ये भी पढ़ें: IPL 2027 Auction: प्लेयर्स को रिटेन करने के लिए मिला और समय, अब इस दिन सामने आएगी सभी टीमों की लिस्ट

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से हो सकती है वापसी

आईपीएल 2026 के बाद से सूर्यकुमार ने कोई पेशेवर क्रिकेट मुकाबला नहीं खेला है. हालांकि, उन्होंने जून में मुंबई प्रीमियर लीग में हिस्सा लिया था और पिछले महीने कुछ क्लब मैच भी खेले थे. अब उनकी नजर 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर हो सकती है. वह इस टूर्नामेंट में मुंबई की ओर से खेल सकते हैं.

नियमित व्हाइट बॉल कप्तान श्रेयस अय्यर के राष्ट्रीय टीम के साथ व्यस्त रहने की स्थिति में सूर्यकुमार को मुंबई की कप्तानी भी मिल सकती है.

17 नवंबर तक फ्रेंचाइजी को सौंपनी है रिटेंशन लिस्ट

आईपीएल 2027 के लिए सभी फ्रेंचाइजी को 17 नवंबर तक रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची सौंपनी है. इसके बाद दिसंबर में मिनी ऑक्शन आयोजित होगा. ऐसे में सूर्यकुमार का मुंबई इंडियंस के ट्रेनिंग कैंप में अभ्यास करना काफी अहम माना जा रहा है. अब सबकी नजरें फ्रेंचाइजी की आधिकारिक रिटेंशन लिस्ट पर रहेंगी, जिससे उनके भविष्य को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी.

ये भी पढ़ें: IPL 2027: CSK में शामिल होंगे लिविंगस्टोन? सनराइजर्स हैदराबाद से चल रही बात, बदले में जा सकता है यह गेंदबाज