समाचार · मध्य प्रदेश
बालाघाट के लांजी में झोले में मिली नवजात बालिका:रोने की आवाज सुनकर महिला पहुंचाया अस्पताल; मेटरनिटी कक्ष में इलाज जारी
बालाघाट जिले के लांजी में मंगलवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच वार्ड नंबर 10 में सिंघाड़ा तालाब के पास झोले में नवजात बालिका मिली। बच्ची को सिविल अस्पताल लांजी में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका वजन 2 किलो 400 ग्राम है और वह स्वस्थ है। काम पर जा रही महिला को सुनाई दी रोने की आवाज रेस्टोरेंट में काम करने वाली कविता उर्फ गीता सोनवाने (35) काम पर जा रही थीं। इसी दौरान उन्हें बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाकर देखा तो झोले में नवजात बालिका मिली। कविता ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और अपनी एक सहयोगी महिला के साथ बच्ची को घर ले गईं। वहां उन्होंने बच्ची की साफ-सफाई की और उसे दूध पिलाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मेटरनिटी कक्ष में चल रहा इलाज सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सिविल अस्पताल लांजी ले गई। उसे अस्पताल के मेटरनिटी कक्ष में रखा गया है, जहां डॉक्टर उसकी देखभाल कर रहे हैं। नगर निरीक्षक घनश्याम बैरागी ने बताया कि वे पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने बच्ची को स्वस्थ बताया है। पुलिस झोले में बच्ची को छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटा रही है।