Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सतना के प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर-मरीज के परिजन भिड़े:रेफर करने पर बढ़ा विवाद, मारपीट का भी आरोप

INT News7 July 2026 at 08:48 am

सतना के उमरी स्थित पूजा क्रिटिकल केयर न्यूरो एंड ट्रामा हॉस्पिटल में सोमवार शाम डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि डॉक्टरों ने मरीज के एक परिजन से मारपीट की, जिससे उसकी शर्ट फट गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, उमरी निवासी सेंट्रल बैंक के पूर्व प्रबंधक आर.बी. सिंह को न्यूरो संबंधी समस्या थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए डॉ. नितिन कुलश्रेष्ठ के पास पूजा हॉस्पिटल लाए थे। परिजन राहुल सिंह ने आरोप लगाया कि मरीज को बिना समुचित जांच के काफी देर तक अस्पताल में रखा गया। राहुल सिंह के मुताबिक, बाद में बाहर से विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाने के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की गई। जब परिजनों ने इस पर असहमति जताई, तो मरीज को रेफर करने की बात कही गई। परिजन बोले- मारपीट में शर्ट तक फट गई

परिजनों का कहना है कि इस बात पर आपत्ति जताने पर राहुल सिंह के साथ अस्पताल में मारपीट की गई, जिससे उनकी शर्ट फट गई। घटना के बाद परिजन मरीज को बेहतर इलाज के लिए नागपुर ले गए। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है। अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मरीज की हालत गंभीर थी, इसलिए उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर किया गया था। प्रबंधन का आरोप है कि इसी निर्णय से नाराज होकर मरीज के परिजनों ने अभद्रता की और विवाद शुरू कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल, दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।