Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हिसार में डॉक्टर की लापरवाही से मौत का केस:नवदीप की मौत से गुस्साए उकलाना में ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकाला, न्याय की मांग

INT News7 July 2026 at 09:45 am

हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव भैणी बादशाहपुर निवासी नवदीप की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में ग्रामीणों ने गुस्सा बढ़ता जा रहा है। न्याय की मांग को लेकर सोमवार देर शाम ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत नवदीप को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 8 जुलाई से बरवाला स्थित एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार नवदीप को पथरी की समस्या होने पर बरवाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने चिकित्सकों से दूरबीन (लेप्रोस्कोपिक) विधि से ऑपरेशन करने का आग्रह किया था, लेकिन इसके बावजूद सामान्य सर्जरी की गई। उनका कहना है कि उपचार के दौरान कथित चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई, जिससे नवदीप की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई। डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई न होने से रोष घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने संबंधित चिकित्सक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि शिकायत दिए कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पूरे गांव में रोष का माहौल है। सोमवार शाम निकाला गया कैंडल मार्च सोमवार को कैंडल मार्च गांव की गौशाला से शुरू होकर मुख्य मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न स्थानों तक पहुंचा। मार्च के दौरान ग्रामीणों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर नवदीप को श्रद्धांजलि दी और न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भी इसमें भाग लिया। ग्रामीण बोले-निष्पक्ष जांच की जाए ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि नवदीप की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करवाना है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाए और यदि चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो 8 जुलाई से बरवाला एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।