समाचार · मध्य प्रदेश
गुप्त गोदावरी में कुत्तों के हमले से सांभर घायल:जंगल से भटककर आबादी में पहुंचा था, ग्रामीणों ने बचाया
सतना जिले के चित्रकूट क्षेत्र स्थित गुप्त गोदावरी में एक नर सांभर पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में सांभर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने उसे कुत्तों के चंगुल से बचाया। सांभर थर पहाड़ के जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया था। यहीं कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने सांभर को काफी दूर तक दौड़ाया, जिससे उसके कान सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर सांभर को कुत्तों से बचाया। ग्रामीणों ने घायल सांभर को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बटरी पटेल की दुकान में बांध दिया। उन्होंने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। चित्रकूट रेंजर अभिषेक मिश्रा को मामले की जानकारी दी गई है और ग्रामीण घायल वन्यजीव की निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वन्यजीव अक्सर जंगलों से भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं, जिससे ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है ताकि घायल सांभर का उचित उपचार किया जा सके।