समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर अस्पताल में ड्रेसिंग के लिए मांगे पैसे, VIDEO:परिजन बोले-चाय के लिए 20 रुपए दिए; आरएमओ बोले-जांच के बाद होगी कार्रवाई
शाजापुर जिला अस्पताल में ड्रेसिंग के नाम पर मरीज के परिजन से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह घटना का एक वीडियो सामने आया है। जिसके बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मामला रविवार का है। वीडियो में दिख रहा युवक गुलाना क्षेत्र का निवासी है। वह घायल बच्चे का इलाज कराने जिला अस्पताल आया था। बच्चे के माथे पर गंभीर चोट थी, जिसके कारण उसे शाजापुर जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु वार्ड में भर्ती किया गया था। बच्चे की ड्रेसिंग के लिए मांगे पैसे रविवार को बच्चे की ड्रेसिंग के दौरान परिजनों से पैसे मांगे गए। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने ड्रेसिंग करने वाले कर्मचारी को 20 रुपए दिए, जिसके बाद बच्चे की ड्रेसिंग की गई। मामले के सामने आने के बाद सरकारी अस्पताल में निशुल्क ड्रेसिंग के बावजूद पैसे लेने पर सवाल उठ रहे हैं। यह भी जांच का विषय है कि ड्रेसिंग करने वाला व्यक्ति अस्पताल का नियमित कर्मचारी था या किसी अन्य माध्यम से यह कार्य कर रहा था। डॉक्टर बोले-स्पष्ट नहीं नहीं पैसे किस कर्मचारी ने लिए जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. गोविंद पाटीदार ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और उसे देखा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वीडियो में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि पैसे किस कर्मचारी ने मांगे। डॉ. पाटीदार के अनुसार, वीडियो में दिख रहे फरियादी की पहचान कर उससे पूछताछ की जाएगी। यदि जांच में किसी कर्मचारी द्वारा पैसे मांगने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।