समाचार · हरियाणा
सोनीपत ट्रैक्टर की किस्त मांगने पर युवक पर जानलेवा हमला:रास्ता रोककर लाठी-डंडों से पीटा; 4 नामजद के खिलाफ केस दर्ज
सोनीपत के गोहाना शहर में ट्रैक्टर की किस्त मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि किस्त को लेकर पहले से रंजिश रखने वाले चार लोगों ने महम रोड फाटक के पास युवक का रास्ता रोक लिया और उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में युवक घायल हो गया, जिसे परिजन सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका मेडिकल कराया गया। पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर शहर गोहाना थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर की किस्त को लेकर चल रही थी रंजिश पुलिस को दी शिकायत में गोहाना के गौतम नगर निवासी नीरज ने बताया कि उसकी मदीना निवासी रामू से जान-पहचान थी। इसी कारण उसने अपने नाम पर रामू के लिए ट्रैक्टर निकलवाया था। ट्रैक्टर की किस्त रामू भरता था, लेकिन वह कई बार किस्त समय पर जमा नहीं कर रहा था। जब नीरज ने उससे किस्त के बारे में बात की तो रामू इसी बात को लेकर उससे रंजिश रखने लगा। महम रोड फाटक पर रोककर किया हमला नीरज के अनुसार 6 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने काम से महम रोड फाटक की ओर से लौट रहा था। इसी दौरान रामू, उसका भाई कृष्ण और दो अन्य साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पहले चारों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसे चारों तरफ से घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण वह अपनी जान बचाकर भाग भी नहीं सका और उसे गंभीर चोटें आईं। जान से मारने की धमकी देने का आरोप पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने के बाद आरोपी जाते समय धमकी देकर गए कि यदि दोबारा ट्रैक्टर की किस्त मांगी तो उसे जान से मार देंगे। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल गोहाना ले गए, जहां उसका मेडिकल कराया गया। एमएलआर में दो ब्लंट इंजरी दर्ज
डायल-112 से झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घायल अस्पताल ले जाया जा चुका था। इसके बाद पुलिस सरकारी अस्पताल पहुंची, जहां नीरज ने लिखित शिकायत और एमएलआर पुलिस को सौंपी। मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टर ने शरीर पर दो ब्लंट इंजरी (कुंद वस्तु से लगी चोट) दर्ज की हैं। चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू
शहर गोहाना थाना पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर रामू, कृष्ण तथा उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई संदीप को सौंपी गई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।