समाचार · मध्य प्रदेश
धार में बारिश से राहत, कम वर्षा से किसान चिंतित:पिछले साल से 47 मिमी कम बारिश, सोयाबीन ठीक लेकिन रबी फसलों पर बढ़ी चिंता
धार शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सोमवार देर रात गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, हालांकि पिछले साल की तुलना में अब तक कम वर्षा दर्ज होने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। सोमवार को दिनभर तेज धूप और उमस के बाद रात में मौसम ने करवट ली। देर रात तक रुक-रुककर बारिश का दौर चला। मंगलवार सुबह भी करीब 15 से 20 मिनट तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। सोयाबीन के लिए यह बारिश लाभदायक
यह बारिश फिलहाल सोयाबीन की फसल के लिए लाभदायक मानी जा रही है। हालांकि, किसान अभी भी पर्याप्त वर्षा को लेकर चिंतित हैं। किसान वीरेंद्र ने बताया कि इस बार मानसून की शुरुआत देर से हुई है, जिससे अब तक अपेक्षित बारिश नहीं हुई है। वीरेंद्र के अनुसार, वर्तमान वर्षा सोयाबीन के लिए ठीक है, लेकिन यदि आने वाले दिनों में लगातार और अच्छी बारिश नहीं हुई तो खेतों में नमी की कमी के कारण आगामी गेहूं की फसल प्रभावित हो सकती है। क्षेत्र को अभी भी अच्छी और निरंतर बारिश की आवश्यकता है। वर्षा के आंकड़ों के मुताबिक, इस वर्ष अब तक धार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 238.8 मिलीमीटर (लगभग 9.40 इंच) बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक 285.8 मिलीमीटर (लगभग 11.25 इंच) वर्षा हो चुकी थी। इस प्रकार, इस बार पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 47 मिलीमीटर कम बारिश हुई है। किसान अब खरीफ के साथ-साथ रबी सीजन की फसलों के लिए भी पर्याप्त नमी मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।