समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा-सीधी हाईवे पर हादसा, दो युवकों की मौत:चौड़ियार मोड़ के पास वाहन की टक्कर की आशंका
रीवा-सीधी मार्ग पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चौड़ियार मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतकों की पहचान मनसुख चतुर्वेदी और गणेश पटेल, दोनों निवासी सिलपरा के रूप में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान चौड़ियार मोड़ के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस दूर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।