Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

बहादुरगढ़ अस्पताल के नवजात वार्ड में पिज्जा पार्टी:SNCU में डॉक्टर के प्रमोशन का जश्न; वायरल वीडियो होने पर जांच शुरू

INT News7 July 2026 at 09:40 am

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) में डॉक्टर के प्रमोशन की खुशी में पिज्जा पार्टी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अस्पताल प्रशासन ने विभागीय जांच शुरू कर दी है। वहीं, पूरे घटनाक्रम को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, डॉ. जीतांशु के प्रमोशन की खुशी में एसएनसीयू वार्ड के अंदर ही पिज्जा पार्टी आयोजित की गई थी। जो वीडियो में दिखाई दे रही है उन्होंने ही पिज्जा पार्टी दी थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान एसएनसीयू के इंचार्ज डॉ. अभिभूषण भी मौके पर मौजूद थे। पार्टी में अस्पताल के अलग-अलग वार्डों से स्टाफ नर्सों को भी बुलाया गया था। वायरल वीडियो में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पिज्जा, नाश्ता और कोल्ड ड्रिंक के साथ जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। वार्ड में डॉक्टर ने कैसे होने दी पार्टी सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस वार्ड की जिम्मेदारी इंचार्ज डॉक्टर पर होती है, उसी वार्ड में पार्टी कैसे होने दी गई। यदि इंचार्ज मौके पर मौजूद थे, तो उन्होंने इस आयोजन को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की। वहीं, जिस डॉक्टर के प्रमोशन की खुशी में पार्टी हुई, उन्होंने अस्पताल के सबसे संवेदनशील वार्ड को ही जश्न का स्थान क्यों चुना। एसएनसीयू अस्पताल का वह वार्ड है, जहां समय से पहले जन्मे, गंभीर रूप से बीमार और संक्रमण के प्रति अत्यंत संवेदनशील नवजात शिशुओं का इलाज किया जाता है। इस यूनिट में प्रवेश से लेकर स्वच्छता तक हर गतिविधि के लिए सख्त प्रोटोकॉल तय हैं। बाहरी खाद्य सामग्री ले जाना और अनावश्यक भीड़ जुटाना सामान्य परिस्थितियों में अनुमति प्राप्त गतिविधि नहीं मानी जाती। डॉक्टरों और स्टाफ से जवाब तलब वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ से जवाब तलब किया है। विभागीय जांच में यह भी देखा जाएगा कि पार्टी के समय वार्ड की स्थिति क्या थी, कौन-कौन मौजूद था, किसकी अनुमति से आयोजन हुआ और क्या संक्रमण नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन हुआ। बच्चे एडमिट थे या नहीं थे। यदि जांच में लापरवाही या नियमों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया- प्रशासक अस्पताल के प्रशासक डॉ. देवेंद्र ने कहा कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।