Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

मनीफिट में दुकानदारों का हंगामा, टाटा स्टील के भारी वाहनों का किया चक्का जाम, जानें क्या है पूरा मामला

INT News22 September 2026 at 02:40 pm

जमशेदपुर: मनीफीट टीओपी चौक के समीप वर्षों से दुकान लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे फुटपाथ सब्जी दुकानदारों को हटाने पहुंचे लोगों का दुकानदारों ने विरोध किया. सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सह मजदूर नेता बंटी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. दुकानदारों के साथ मिलकर सड़क जाम कर दिया गया. इससे भारी वाहनों का आवागमन ठप हो गया और इलाके में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई.

सड़क जाम के बाद प्रशासन ने बुलाई त्रिपक्षीय वार्ता

सड़क जाम और बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए त्रिपक्षीय वार्ता बुलाई गयी. वार्ता में कंपनी प्रबंधन की ओर से सुनील सिंह, बर्मामाइंस, टेल्को और गोविंदपुर थाना प्रभारी तथा दुकानदारों के प्रतिनिधि शामिल हुए. दुकानदारों की ओर से मजदूर नेता बंटी सिंह और आजसू नेता अप्पू तिवारी ने पक्ष रखा.

वार्ता के बाद फिलहाल दुकानदारों को दो माह की मोहलत देने पर सहमति बनी. इस दौरान दुकानदारों के पुनर्वास के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तय करने पर चर्चा होगी.

बिना पुनर्वास हटाया तो कंपनी गेट जाम की चेतावनी

वार्ता के बाद बंटी सिंह ने कहा कि वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले दुकानदारों को अचानक उजाड़ना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि दुकानदारों को हटाने से पहले कंपनी को उनके लिए व्यवस्थित और सम्मानजनक वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करनी चाहिए.

उन्होंने बताया कि कंपनी प्रबंधन की ओर से जेमको से मनीफीट मार्ग पर दुकान लगाने की बात कही जा रही है, जबकि दुकानदार डीवीसी के समीप उपयुक्त स्थल की मांग कर रहे हैं. स्थान चयन को लेकर दोनों पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ है.

बंटी सिंह ने कहा कि दो दिनों के भीतर इस मुद्दे पर दोबारा वार्ता होगी. यदि प्रशासन और कंपनी प्रबंधन ने दुकानदारों के हित में उचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की, तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर कंपनी का मुख्य गेट भी जाम करने की चेतावनी दी गयी.

प्रदर्शन और वार्ता के दौरान बंटी सिंह, अप्पू तिवारी, मुन्ना चौबे, चिंटू सिंह, हृतिक चौबे, सविता सिंह, लाडी सिंह, शांति देवी, पिंकी सिंह समेत क्षेत्र के सैकड़ों युवा, महिलाएं और दुकानदार मौजूद रहे.