समाचार · मध्य प्रदेश
गैरतगंज के कारोबारी की हत्या:नदी किनारे दफन मिला शव,पुलिस ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया
रायसेन जिले के गैरतगंज निवासी 48 वर्षीय विजय जैन का शव सोमवार शाम परासिया गांव के पास नदी किनारे मिट्टी में दफन मिला। विजय जैन पिछले सात दिनों से लापता थे। प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या करने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को दफनाने की आशंका जताई जा रही है। कुत्तों के नोचने से खुला राज ग्रामीण बकरी चराने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कुत्तों को एक स्थान पर भौंकते देखा। पास जाकर देखने पर मिट्टी से शव का एक पैर बाहर निकला मिला, जिसे कुत्तों ने नोच दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कर शव बाहर निकाला। कपड़ों और कृत्रिम आंख से हुई पहचान पुलिस ने बताया कि शव की पहचान विजय जैन के कपड़ों और उनकी कृत्रिम आंख के आधार पर की गई। लापता होने वाले दिन उन्होंने यही कपड़े पहने थे। शव का चेहरा काफी हद तक गल चुका था और एक पैर भी क्षतिग्रस्त मिला। 7 जुलाई से थे लापता विजय जैन 7 जुलाई की शाम से लापता थे। उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था और घर पर ताला लगा मिला था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चार संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।