Tuesday, 14 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दतिया उपचुनाव- अवधेश नायक बने सियासी केंद्र:दिग्विजय ने मांगी माफी, BJP प्रत्याशी घर पहुंचे; बोले- अभी भाजपा में जाने का विचार नहीं

INT News14 July 2026 at 10:44 am

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी नाराजगी अब चुनावी मुकाबले का सबसे बड़ा राजनीतिक फैक्टर बनती दिखाई दे रही है। वरिष्ठ नेता अवधेश नायक को साधने के लिए एक ओर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने खुलकर डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है, तो दूसरी ओर भाजपा भी उनके पुराने राजनीतिक रिश्तों को आधार बनाकर सक्रिय हो गई है। ऐसे में अवधेश नायक दतिया की सियासत के नए केंद्र में आ गए हैं। सोमवार को कांग्रेस की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि 2023 में अवधेश नायक का टिकट नहीं होने देने में उनकी भूमिका थी। उन्होंने मंच से ही कहा कि "मैंने ही आपका टिकट नहीं होने दिया था, इसके लिए मैं आपसे माफी मांगता हूं।" कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी घर खाना खाने पहुंचे

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी नायक के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात कर चुके हैं और साथ में भोजन किया था। राजनीतिक जानकार इसे कांग्रेस का खुला डैमेज कंट्रोल मान रहे हैं। ताकि चुनाव में किसी तरह की अंदरूनी नाराजगी सामने न आए। BJP के आशुतोष भी घर जाकर मिले

इधर सोमवार शाम भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी अवधेश नायक के घर पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें वायरल हुईं। इसके बाद नायक की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया। भाजपा की कोशिश इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि अवधेश नायक का राजनीतिक सफर संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भाजपा से ही शुरू हुआ था। बोले- भाजपा में जाने का अभी विचार नहीं

इन चर्चाओं के बीच से फोन पर बातचीत में अवधेश नायक ने वायरल तस्वीरों की पुष्टि करते हुए कहा, हां, दोनों फोटो सही हैं। दोनों लोग हमारे पास आए थे। चुनाव का समय है, इसलिए उनका आना स्वाभाविक है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भाजपा में जा सकते हैं, तो उन्होंने कहा, “अभी ऐसा कोई विचार नहीं बनाया है। अपने कार्यकर्ताओं से लगातार चर्चा कर रहा हूं और उनकी राय ले रहा हूं।”