समाचार · मध्य प्रदेश
बैठक में नशे में पहुंचे प्रभारी प्रधान पाठक:वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू; बीईओ ने खरगोन रिपोर्ट भेजी,पहले भी शिकायतें मिली थीं
खरगोन जिले के भगवानपुरा विकासखंड में एक प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक का नशे की हालत में बैठक में पहुंचने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बैठक में नशे की हालत में पहुंचे शिक्षक जानकारी के अनुसार, हीरापुर पंचायत के कदवाली फलिया प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक लालसिंह वास्कले (सोनाने) 7 जुलाई को जनशिक्षा केंद्र की साक्षरता एवं समीक्षा बैठक में कथित रूप से नशे की हालत में पहुंचे थे। बताया गया कि वे मोहनपुरा संकुल परिसर के बाहर बेसुध अवस्था में मिले। वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप रविवार को उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे पॉलिथीन में कच्ची शराब लिए और नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आदिवासी विकास विभाग ने मामले की रिपोर्ट तलब कर ली। बीईओ ने मांगा प्रतिवेदन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुरलीधर महाजन के निर्देश पर जनशिक्षक और ब्लॉक स्त्रोत समन्वयक (बीआरसी) से पंचनामा प्रतिवेदन मांगा गया। भगवानपुरा बीआरसी राजेश कानूनगो ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए प्रतिवेदन बीईओ को भेज दिया गया है। शिक्षा विभाग का सख्त रुख बीईओ मुरलीधर महाजन ने कहा कि मामला गंभीर है और कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन सहायक आयुक्त कार्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयास जारी हैं और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।